knews desk – ‘बिग बॉस 20’ के घर में रिश्तों के समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। यहां छोटी-सी बात कब बड़ा विवाद बन जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। अब टीवी एक्ट्रेस माही विज और भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के बीच ‘भाभी’ शब्द को लेकर विवाद देखने को मिला है। बात इतनी बढ़ी कि दोनों के बीच भोजपुरी संस्कृति और टीवी में निभाए जाने वाले किरदारों को लेकर भी तंज देखने को मिला।
मामला उस वक्त शुरू हुआ जब आम्रपाली दुबे चेंजिंग एरिया में साड़ी बदल रही थीं। वहां सिंगर काजी तौकीर भी मौजूद थे। आम्रपाली ने इशारों में काजी से थोड़ा दूर जाने के लिए कहा, ताकि उन्हें कपड़े बदलने में असहज महसूस न हो। इसके बाद माही ने काजी को वहां से बाहर भेज दिया।
काजी के जाने के बाद माही ने मजाक करते हुए कहा, “जाता नहीं वो यहां से, कह रहा, ‘मैंने देखना है भाभी को साड़ी पहनते हुए!’”
‘भाभी’ शब्द पर आम्रपाली ने जताई आपत्ति
माही की बात आम्रपाली को पसंद नहीं आई। उन्होंने समझाया कि भोजपुरी संस्कृति में ‘भाभी’ शब्द का खास सम्मान है और वहां भाभी को मां के समान माना जाता है। आम्रपाली ने कहा कि इस तरह का मजाक भोजपुरी दर्शकों को गलत लग सकता है।
आम्रपाली की बात सुनकर माही ने सफाई दी कि उनका इरादा भोजपुरी इंडस्ट्री या संस्कृति का अपमान करना नहीं था। वह सिर्फ काजी के साथ मजाक कर रही थीं और उन्हें भी पता है कि भाभी मां समान होती हैं।
कैमरे के सामने दोनों ने दी सफाई
बात बढ़ती देख दोनों ने कैमरे के सामने भी सफाई देने की कोशिश की। माही ने कहा कि उन्होंने ‘भाभी’ शब्द भोजपुरी संदर्भ में नहीं कहा था और वह सिर्फ मस्ती कर रही थीं। वहीं आम्रपाली ने भी कहा कि उनका किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। उन्होंने अपने फैंस से माफी भी मां, ताकि उनकी बात का गलत मतलब न निकाला जाए।
हालांकि, इसके बावजूद आम्रपाली के मन में यह बात रह गई। बाद में गार्डन एरिया में लव गिल के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने माही के कमेंट पर नाराजगी जाहिर की।
माही के टीवी रोल पर आम्रपाली का तंज
लव गिल से बात करते हुए आम्रपाली ने माही के ‘भाभी’ कमेंट का जवाब देते हुए कहा, “मुझे माही बोल रही है भाभी-भाभी… मैं बोलूं आप टीवी पर मां का रोल प्ले करती हो?”
जब लव गिल ने पूछा कि क्या माही टीवी सीरियल्स में मां का किरदार निभाती हैं, तो आम्रपाली ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है, क्योंकि वह माही के सीरियल्स नहीं देखतीं।
अब ‘बिग बॉस 20’ के घर में दोनों के बीच हुई यह तकरार किस मोड़ पर जाती है, यह देखना दिलचस्प होगा। फिलहाल ‘भाभी’ शब्द से शुरू हुआ यह विवाद दोनों के बीच एक नई खींचतान की वजह बनता नजर आ रहा है।