Knews Desk – नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को प्रस्तावित BRICS शिखर सम्मेलन में किन-किन देशों के राष्ट्राध्यक्ष और सरकार प्रमुख शामिल होंगे, इसको लेकर विदेश मंत्रालय ने अभी स्थिति स्पष्ट नहीं की है। खास तौर पर बांग्लादेश की संभावित भागीदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर विदेश मंत्रालय ने कहा कि फिलहाल कोई नया अपडेट नहीं है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सम्मेलन में शामिल होने वाले नेताओं और उनके प्रतिनिधित्व के स्तर से जुड़ी जानकारी उचित समय पर साझा की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस संबंध में लगातार जानकारी देता रहेगा और फिलहाल किसी आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जाना चाहिए।
बांग्लादेश के BRICS सम्मेलन में शामिल होने को लेकर अटकलों के बीच मंत्रालय के इस बयान से साफ है कि अभी उसकी भागीदारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सम्मेलन में कितने देशों के नेता शामिल होंगे और किस स्तर पर प्रतिनिधित्व होगा, इसकी जानकारी बाद में सामने आएगी।
भारत-चीन सैन्य कमांडरों की दो बैठकें
विदेश मंत्रालय ने भारत और चीन के वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के बीच 6 और 7 सितंबर को हुई दो बैठकों की भी पुष्टि की। पहली बैठक 6 सितंबर को LAC के पास भारत की ओर वाचा (Wacha), कि बिथू सेक्टर में हुई, जबकि दूसरी बैठक 7 सितंबर को LAC के चीनी हिस्से में दमाई (Damai) में आयोजित की गई। रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों बैठकों में अरुणाचल प्रदेश से जुड़े मुद्दे पर लंबी बातचीत हुई।
नेपाल में हुए हादसे में मारे गए भारतीयों की पहचान को लेकर भी विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी। मंत्रालय के मुताबिक कई शवों की अभी पहचान नहीं हो सकी है और इसके लिए DNA तकनीक की मदद ली जा रही है। मृत भारतीयों की सटीक संख्या को लेकर भारत अभी नेपाल सरकार से आधिकारिक जानकारी का इंतजार कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र के मैप को लेकर चल रहे विवाद पर विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि UN खुद कोई मैप न तो बनाता है और न ही जारी करता है। मंत्रालय ने इस संबंध में भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि संबंधित दावों को तथ्यों के आधार पर देखा जाना चाहिए।