Knews Desk – हिंदी सिनेमा की दिग्गज गायिका आशा भोसले की मधुर आवाज आज भी करोड़ों लोगों के दिलों में बसी हुई है। 8 सितंबर को उनके जन्मदिन के मौके पर सिंगर कुमार सानू ने उन्हें याद करते हुए भावुक श्रद्धांजलि दी। उन्होंने आशा भोसले के साथ बिताए संगीत के सफर और उनकी बेमिसाल शख्सियत को याद किया।
कुमार सानू ने इंस्टाग्राम पर आशा भोसले के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा कि वह खुद को भाग्यशाली मानते हैं कि उन्हें आशा जी के साथ संगीत का सफर साझा करने और उन्हें करीब से जानने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि आशा जी की मौजूदगी की कमी हमेशा महसूस होगी, लेकिन उनका संगीत कभी हमसे दूर नहीं होगा।
कुमार सानू ने अपने संदेश के आखिर में लिखा, “आशा जी, स्वर्ग में आपको जन्मदिन की शुभकामनाएं।”
आशा भोसले और कुमार सानू की यादगार जुगलबंदी
आशा भोसले और कुमार सानू ने 1990 और 2000 के दशक में कई यादगार गानों में साथ काम किया। फिल्म ‘बेखुदी’ (1992) के ‘देख के ये रूमाल’ और ‘खत मैंने तेरे नाम लिखा’ जैसे गाने दोनों की चर्चित जुगलबंदियों में शामिल हैं।
इसी फिल्म का ‘मम्मी डैडी मेरी शादी करवा रहे हैं’ गाना भी दोनों ने मिलकर गाया था। इसके अलावा फिल्म ‘त्यागी’ के ‘मुझको तो कुछ कुछ होता है’ और ‘कन्यादान’ के ‘मैना बोल रही’ जैसे गानों में भी दोनों की आवाज सुनने को मिली।
संगीत जगत ने भी किया याद
आशा भोसले की जयंती पर फिल्म और संगीत जगत की कई हस्तियों ने उन्हें याद किया और श्रद्धांजलि दी। सुदेश भोसले और सोनी राजदान समेत कई कलाकारों ने उनके संगीत और सिनेमा में दिए योगदान को याद किया।
आशा भोसले की आवाज, उनकी गायकी की विविधता और संगीत के प्रति उनका जुनून उन्हें भारतीय सिनेमा की सबसे खास आवाजों में शामिल करता है। उनके गाए गीत आने वाली पीढ़ियों तक संगीत प्रेमियों के बीच याद किए जाते रहेंगे।