Bigg Boss 20: मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी की धमाकेदार एंट्री, बेटी को बिग बॉस के मंच तक छोड़ने पहुंचे पिता

KNEWS DESK – टीवी का सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ शुरू होने जा रहा है। शो के नए सीजन को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रैंड प्रीमियर से पहले मेकर्स ने शो में शामिल होने वाले एक कंटेस्टेंट का चेहरा भी सामने ला दिया है।

इस बार भोजपुरी स्टार और सांसद मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी बिग बॉस के घर में नजर आएंगी। खास बात यह है कि रीति को शो के मंच तक छोड़ने के लिए खुद उनके पिता मनोज तिवारी पहुंचे।

बेटी को बिग बॉस के दरवाजे तक छोड़ने पहुंचे मनोज तिवारी

जियो हॉटस्टार की ओर से जारी प्रोमो में मनोज तिवारी अपने अंदाज में गाना गाते हुए ‘बिग बॉस 20’ के मंच पर पहुंचते दिखाई देते हैं। उन्हें देखकर सलमान खान मजाक करते हुए पूछते हैं कि कहीं उन्हें ऐसा तो नहीं लग रहा कि ‘तथास्तु’ बोलने के बाद वह दोबारा बिग बॉस में आ सकते हैं।

इस पर मनोज तिवारी कहते हैं कि वह खुद शो में आने नहीं, बल्कि अपनी बेटी को बिग बॉस के दरवाजे तक छोड़ने आए हैं।

इसके बाद रीति तिवारी की भी शानदार एंट्री होती है। वह गाना गाते हुए मंच पर पहुंचती हैं और पिता के साथ नजर आती हैं।

सलमान ने रीति को दी खास सलाह

प्रोमो में सलमान खान रीति तिवारी को बिग बॉस के घर को लेकर एक मजेदार सलाह देते दिखाई देते हैं। वह कहते हैं कि घर में कभी अंडे को लेकर लड़ाई मत करना।

https://www.instagram.com/reels/Dc6feI9sBwl/

सलमान की यह बात सुनकर मनोज तिवारी अपना चेहरा छिपाने लगते हैं। इसके बाद सलमान मजाक में कहते हैं, “बाप पर मत जाना।” इस पर रीति भी मजेदार अंदाज में जवाब देती हैं, “बाप पर जाना नहीं…” सलमान और रीति की यह बातचीत प्रोमो का मजेदार हिस्सा बन गई है।

कौन हैं रीति तिवारी?

रीति तिवारी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं। उनके सोशल मीडिया प्रोफाइल के मुताबिक वह सिंगर, सॉन्ग राइटर, कंपोजर और प्रोड्यूसर हैं।

रीति ने साल 2020 में ‘चले आओ’ गाने के साथ सिंगिंग की दुनिया में कदम रखा था। वह अपना यूट्यूब चैनल भी चलाती हैं और अपने कई गाने सोशल मीडिया पर शेयर करती रहती हैं। उनका हालिया गाना ‘बारिश’ भी चर्चा में है।

इसके अलावा रीति सोशल वर्क में भी रुचि रखती हैं और एक नॉन-प्रॉफिट ऑर्गनाइजेशन के साथ काम कर चुकी हैं।

मार्केटिंग फर्म में भी करती हैं काम

रीति तिवारी की प्रोफेशनल प्रोफाइल के मुताबिक, वह ‘रीति ग्रुप’ नाम की एक मार्केटिंग फर्म से भी जुड़ी हुई हैं। यह फर्म उनके अंकल अरुण पांडे ने शुरू की थी। उन्होंने मुंबई के Jamnabai Narsee School से पढ़ाई की है। इसके अलावा वह अपनी मां के साथ मुंबई में रहती हैं।

रीति तिवारी राजनीति में भी कदम रख चुकी हैं। उन्होंने 5 मई 2024 को भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान वह अपने पिता मनोज तिवारी के चुनाव प्रचार में भी नजर आई थीं।

बिग बॉस में पहले भी नजर आ चुके हैं मनोज तिवारी

मनोज तिवारी खुद भी ‘बिग बॉस’ का हिस्सा रह चुके हैं। वह साल 2010 में ‘बिग बॉस 4’ में बतौर कंटेस्टेंट शामिल हुए थे। उस सीजन में श्वेता तिवारी के साथ उनकी बॉन्डिंग और कई विवाद काफी चर्चा में रहे थे। खास बात यह है कि ‘बिग बॉस 4’ को पहली बार सलमान खान ने होस्ट किया था और श्वेता तिवारी इस सीजन की विनर बनी थीं।

अब करीब 16 साल बाद मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी बिग बॉस के घर में एंट्री लेने जा रही हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि वह अपने पिता की पहचान से अलग अपनी पर्सनैलिटी और गेम से दर्शकों के बीच कितनी जगह बना पाती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *