KNEWS DESK – एक दौर में अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी की जोड़ी पर्दे पर ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी काफी सुर्खियों में रहती थी। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम किया और इसी दौरान उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं। मीडिया रिपोर्ट्स में उस वक्त दोनों के रिश्ते को लेकर खूब चर्चा होती थी और माना जा रहा था कि दोनों जल्द शादी कर सकते हैं।
हालांकि, ऐसा नहीं हुआ और दोनों की राहें अलग हो गईं। अब फिल्ममेकर सुनील दर्शन ने उस दौर को याद करते हुए उनके रिश्ते और ब्रेकअप को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
गलतफहमियों ने तोड़ दिया रिश्ता?
‘Minutes of Masala’ के साथ बातचीत में सुनील दर्शन ने बताया कि उस समय उन्हें लगता था कि अक्षय कुमार और शिल्पा शेट्टी का रिश्ता शादी तक पहुंचने वाला है।
उन्होंने कहा कि दोनों के बीच रिश्ता काफी अच्छा चल रहा था और उन्हें लगा था कि दोनों लगभग शादी करने वाले हैं। लेकिन दोनों के बीच कुछ गलतफहमियां पैदा हुईं, जिसके बाद उनका रिश्ता टूट गया।
हालांकि, सुनील दर्शन ने इन कथित गलतफहमियों की विस्तार से जानकारी नहीं दी।
उस वक्त मुश्किल दौर से गुजर रहे थे अक्षय
सुनील दर्शन ने बातचीत में अक्षय कुमार के करियर के उस दौर को भी याद किया, जब उनकी कई फिल्में लगातार बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रही थीं।
1990 के दशक में अक्षय की कई फिल्में असफल रही थीं। इसी दौर में सुनील दर्शन ने उनके साथ ‘जानवर’ बनाई।
‘जानवर’ ने बदली अक्षय की किस्मत
साल 1999 में रिलीज हुई ‘जानवर’ अक्षय कुमार के करियर के लिए अहम फिल्म साबित हुई। फिल्म में अक्षय के साथ शिल्पा शेट्टी भी नजर आई थीं।
सुनील दर्शन के मुताबिक, ‘जानवर’ की सफलता के बाद अक्षय की स्टारडम ने बड़ी छलांग लगाई। इसके बाद लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रही उनकी कई फिल्मों के निर्माताओं ने भी उन्हें रिलीज करने की दिशा में कदम बढ़ाए। इन फिल्मों में ‘हेरा फेरी’ और ‘धड़कन’ जैसी फिल्में शामिल थीं।
सुनील दर्शन ने बताया कि ‘जानवर’ के बाद अक्षय का करियर लगातार ऊपर गया और उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। फिल्ममेकर के मुताबिक, उन्होंने अक्षय कुमार के साथ कुल 7 फिल्मों में काम किया है।