KNEWS DESK – बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन इन दिनों अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार चर्चा में हैं। अब उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और कार्तिक आर्यन शूटिंग के लिए लंदन पहुंच गए हैं।

अभिनेता ने सोशल मीडिया पर अपने सफर और फिल्म से जुड़ी कुछ तस्वीरें शेयर कर इसकी जानकारी दी। इन तस्वीरों में फिल्म की शूटिंग से जुड़े कई दिलचस्प संकेत भी देखने को मिल रहे हैं।
हाथ में दिखा ‘कैप्टन इंडिया’ का शूटिंग ड्राफ्ट
कार्तिक आर्यन द्वारा शेयर की गई तस्वीरों में वह फिल्म का शूटिंग ड्राफ्ट हाथ में लिए नजर आ रहे हैं। ड्राफ्ट के कवर पर निर्देशक शिमित अमीन का नाम भी दिखाई दे रहा है।

फिल्म का निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं, जो इससे पहले ‘चक दे! इंडिया’ और ‘रॉकेट सिंह: सेल्समैन ऑफ द ईयर’ जैसी फिल्मों के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं।
कार्तिक होंगे फिल्म के लीड एक्टर
‘कैप्टन इंडिया’ में कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म की बाकी स्टारकास्ट को लेकर फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

फिल्म का निर्माण टी-सीरीज और बावेजा स्टूडियो मिलकर कर रहे हैं। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी तय कर दी है। ‘कैप्टन इंडिया’ 13 अगस्त 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
कार्तिक आर्यन को हाल ही में फिल्ममेकर कबीर खान की अपकमिंग स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म के एक एक्शन सीक्वेंस की शूटिंग के दौरान घुटने में गंभीर चोट लगी थी। अब वह इस चोट से उबर चुके हैं और अपने काम पर वापस लौट गए हैं।
‘नागजिला’ में भी आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो कार्तिक आर्यन हाल ही में ‘तू मेरी मैं तेरा, मैं तेरा तू मेरी’ में अनन्या पांडे के साथ नजर आए थे। हालांकि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई।

अब अभिनेता के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह जल्द ही ‘नागजिला’ में नजर आएंगे, जिसका फर्स्ट लुक भी सामने आ चुका है। इसके अलावा ‘कैप्टन इंडिया’ को लेकर भी फैंस के बीच काफी उत्सुकता बनी हुई है।