शादी के 5 महीने बाद ही उजड़ गया सुहाग, बरेली में फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव

Bareilly News: भोजीपुरा के तजुआ गांव में 22 अप्रैल को शादी के बंधन में बंधी संगीता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर कम दहेज लाने को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति और ससुर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के बरेली में शादी के महज पांच महीने बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के तजुआ गांव में संगीता का शव घर के टीनशेड में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में कोहराम मच गया। परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी को लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।

हाफिजगंज थाना क्षेत्र के अहमदाबाद गांव निवासी किसान राम सिंह ने अपनी बेटी संगीता की शादी 22 अप्रैल 2026 को भोजीपुरा के तजुआ गांव निवासी धारा सिंह से की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल में संगीता को कम दहेज लाने के लिए ताने दिए जाने लगे।

मृतका के पिता के मुताबिक, संगीता ने कई बार फोन करके मायके वालों को ससुराल में हो रही परेशानी के बारे में बताया था। बेटी की शिकायत के बाद राम सिंह खुद भी उसके ससुराल पहुंचे और परिवार के लोगों को समझाने की कोशिश की थी। हालांकि, आरोप है कि इसके बाद भी संगीता को परेशान किया जाता रहा।

टीनशेड में लटका मिला शव

बताया गया कि संगीता की मौत की सूचना मिलने पर मायके वाले तुरंत तजुआ गांव पहुंचे। वहां घर के टीनशेड में उसका शव कुंडे से लटका मिला। बेटी की हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम और धौंराटांडा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम से जांच कराई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पति समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR

मृतका के पिता की तहरीर पर भोजीपुरा पुलिस ने पति धारा सिंह, ससुर जगदीश सिंह, ननद सुदामा, रजनी पत्नी संतोष कुमार और संतोष कुमार निवासी करमपुर चौधरी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। आरोपियों पर दहेज हत्या और प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

सीओ हाईवे देवेश सिंह के मुताबिक, पुलिस ने मृतका के पति धारा सिंह और ससुर जगदीश सिंह को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *