दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस पीड़ित संजय आजाद की दोबारा मेडिकल जांच कराएगी, जिसके आधार पर आगे की धाराएं तय की जाएंगी.
Knews Desk – दिल्ली में CJP प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय आजाद के साथ कथित मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. मामले में आरोपी बताए जा रहे स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली पुलिस कार्रवाई की तैयारी में है. सूत्रों के मुताबिक, पुलिस दर्ज FIR में SC-ST एक्ट की संबंधित धाराएं जोड़ सकती है. साथ ही संजय आजाद का दोबारा मेडिकल कराया जाएगा.
बताया जा रहा है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह तय किया जाएगा कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धारा जोड़ने की जरूरत है या नहीं. सूत्रों के अनुसार, पुलिस स्वतंत्र भारद्वाज की गिरफ्तारी की दिशा में भी कदम उठा सकती है.
यह पूरा मामला 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन से जुड़ा है. आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ स्वतंत्र भारद्वाज ने मारपीट की थी. बाद में स्वतंत्र भारद्वाज के एक इंटरव्यू का वीडियो सामने आया, जिसमें कथित तौर पर उन्होंने इस घटना का जिक्र किया था. वीडियो सामने आने के बाद मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया.
CJP की ओर से लगातार दिल्ली पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही थी. शुक्रवार को संगठन के बड़ी संख्या में समर्थक संसद मार्ग थाने के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए ‘दिल्ली पुलिस न्याय करो’ के नारे लगाए.
पुलिस ने सिर की हड्डी टूटने के दावे से किया इनकार
मामले में दिल्ली पुलिस का कहना है कि हाथापाई के दौरान संजय आजाद को चोट लगी थी और उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था. हालांकि, पुलिस ने संजय के सिर की हड्डी टूटने के दावे को खारिज किया है. पुलिस के मुताबिक चोट गंभीर होने की बात सामने नहीं आई थी.
अब दोबारा मेडिकल जांच के बाद चोट की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है. इसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई तय करेगी.
प्रदर्शन के दौरान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद भी संसद मार्ग थाने पहुंचे. उन्होंने CJP नेताओं और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया. CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान हिंसा हुई और पुलिस ने अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की. उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाने और मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग की.
राहुल गांधी ने भी उठाया था मामला
इस विवाद पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी प्रतिक्रिया दे चुके हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए निशु आजाद और उनके परिवार के समर्थन में आवाज उठाई थी. राहुल गांधी ने कहा था कि निशु को डरने की जरूरत नहीं है और वह उनके साथ खड़े हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के अधिकारों की आवाज उठाने के कारण निशु को निशाना बनाया गया.
राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाते हुए कहा था कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक आवाज उठाई जाएगी.
केजरीवाल ने भी वीडियो को लेकर जताई नाराजगी
आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने भी इस मामले पर सोशल मीडिया के जरिए प्रतिक्रिया दी. उन्होंने लोगों से कथित घटना का वीडियो देखने की अपील करते हुए सरकार और पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाए.
फिलहाल पुलिस की दोबारा मेडिकल जांच और FIR में संभावित नई धाराओं को लेकर अगली कार्रवाई पर नजर बनी हुई है. मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कौन-कौन सी गंभीर धाराएं लगाई जाती हैं और गिरफ्तारी को लेकर पुलिस क्या कदम उठाती है.