गिरिडीह के पहाड़पुर गांव में प्रेम-प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। 16 वर्षीय किशोर की हत्या के बाद उसके शव को तीन हिस्सों में काटकर आरोपी के घर के पीछे जमीन में दफना दिया गया। कुत्तों के जमीन खोदने के बाद मानव अंग दिखाई देने से मामले का खुलासा हुआ।
KNews Desk: झारखंड के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर 16 वर्षीय किशोर की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोर को पहले घर के अंदर बुलाया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के लिए शव के तीन टुकड़े कर उन्हें घर के पीछे जमीन में दफना दिया गया।
मृतक की पहचान बिहार के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के 16 वर्षीय बेटे मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मिथुन का पहाड़पुर निवासी जगदीश दास की बेटी के साथ करीब एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। आरोप है कि लड़की के बुलाने पर ही मिथुन रविवार को पहाड़पुर आया था।
परिजनों का आरोप है कि पहाड़पुर पहुंचने के बाद मिथुन को बहाने से घर के अंदर बुलाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। जब किशोर वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बुधवार को उसके पिता भी पहाड़पुर पहुंचे, लेकिन बेटे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
कुत्तों ने जमीन खोदी तो सामने आया मानव अंग
गुरुवार को मिथुन की तलाश के दौरान कुछ कुत्ते एक जगह जमीन खोदने लगे। इसी दौरान जमीन से इंसान का कटा हुआ पैर दिखाई दिया। मानव अंग मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी मच गई। आसपास दुर्गंध आने की बात भी सामने आई, जिसके बाद लोगों का शक और गहरा गया।
सूचना मिलने पर एसपी डॉ. बिमल के निर्देश पर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, इंस्पेक्टर बमबम कुमार और थाना प्रभारी अमन कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया।
आरोपी परिवार के तीन सदस्य हिरासत में
पुलिस ने पहाड़पुर निवासी जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच के दौरान आरोपी के घर के भीतर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल हथियार और दूसरे महत्वपूर्ण साक्ष्यों की तलाश कर रही है।
शव मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने मौके पर हंगामा किया और आरोपियों के साथ मारपीट की कोशिश की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
FSL टीम ने शुरू की जांच
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव को तीन हिस्सों में काटकर जमीन में दफनाया गया था। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए FSL टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस अब हत्या की पूरी कड़ी और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।