KNews Desk: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी सिलसिले में गुरुवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय में इंटर-स्टेट कोऑर्डिनेशन मीटिंग आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य समिट के दौरान किसी भी तरह की सुरक्षा संबंधी परेशानी या घटना को रोकना और दिल्ली के साथ-साथ आसपास के राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करना था.
बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने की. इसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए. इसके अलावा दिल्ली पुलिस की लॉ एंड ऑर्डर, स्पेशल सेल, ट्रैफिक, सिक्योरिटी, क्राइम, ट्रांसपोर्ट और इंटेलिजेंस यूनिट के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया.
बॉर्डर पर बढ़ेगी निगरानी
बैठक में दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ सुरक्षा से जुड़े जरूरी इनपुट साझा किए गए. अधिकारियों ने संदिग्ध लोगों और वाहनों की पहचान और वेरिफिकेशन, बॉर्डर चेकिंग बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने को लेकर चर्चा की.
समिट के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया. खुले इलाकों से ड्रोन और दूसरे उड़ने वाले ऑब्जेक्ट्स की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने की बात कही गई.
दिल्ली में लागू हो सकते हैं ट्रैफिक प्रतिबंध
BRICS समिट के दौरान दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं. बैठक में इन संभावित प्रतिबंधों और दिल्ली की सीमाओं से अनधिकृत प्रवेश रोकने की तैयारियों को लेकर पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ प्लान साझा किया गया.
दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न हो. हालांकि, इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि आम लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े.
लोगों को पहले से दी जाएगी ट्रैफिक एडवाइजरी
ट्रैफिक प्रतिबंधों और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी लोगों तक समय रहते पहुंचाने पर भी जोर दिया गया. इसके लिए प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और FM रेडियो के जरिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई. NCR के पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों से यह भी कहा गया कि ऐसे वाहनों की आवाजाही पर ध्यान दिया जाए जो अपने निर्धारित गंतव्य की ओर नहीं जा रहे हैं.
इसके अलावा आम लोगों के लिए बनाए जाने वाले वैकल्पिक रास्तों पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग न होने देने के निर्देश दिए गए, ताकि ट्रैफिक का संचालन सुचारू रूप से जारी रहे. बैठक के दौरान दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने BRICS समिट से पहले पड़ोसी राज्यों की पुलिस की ओर से मिले सहयोग और बेहतर तालमेल की सराहना की. उन्होंने उम्मीद जताई कि समिट के दौरान भी सभी राज्य पुलिस एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करेंगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखेंगी.