KNEWS DESK – ‘सैयारा’ में वाणी का किरदार निभाकर अनीत पड्डा ने दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई। फिल्म में उनकी एक्टिंग को काफी पसंद किया गया और वह रातों-रात चर्चा में आ गईं। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि ‘सैयारा’ से पहले भी अनीत एक्टिंग की दुनिया में कदम रख चुकी थीं। अब उनकी पुरानी लेकिन खास सीरीज ‘हुंकार: द रोर’ दर्शकों के सामने आने वाली है।
अनीत ने खुद बताया है कि उन्होंने इस सीरीज की शूटिंग ‘सैयारा’ से पहले ही पूरी कर ली थी। यानी जिस प्रोजेक्ट का हिस्सा वह काफी समय पहले बन चुकी थीं, अब वह दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। 1 सितंबर को सीरीज का टीजर भी रिलीज किया गया, जिसमें इमोशन, ड्रामा और सस्पेंस की झलक देखने को मिली। टीजर में अनीत का किरदार भी काफी दमदार नजर आ रहा है।
क्या है ‘हुंकार’ की कहानी?
‘हुंकार’ एक क्राइम और जस्टिस ड्रामा सीरीज है, जिसकी कहानी 17 साल की लड़की मीनू रावत के इर्द-गिर्द घूमती है। इस किरदार को अनीत पड्डा निभा रही हैं। मीनू अपने साथ हुए हमले के खिलाफ आवाज उठाती है और पुलिस में शिकायत दर्ज कराती है।
https://www.instagram.com/reels/DcvJTzeNtIW/
टीजर में मीनू को अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ लड़ते हुए दिखाया गया है। इसमें अनीत का एक दमदार डायलॉग भी सुनने को मिलता है, जिसमें वह कहती हैं, “मेरे साथ बदसलुकी हुई है, जबरदस्ती।” टीजर से साफ है कि सीरीज की कहानी काफी गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर आधारित है।
अनीत के साथ नजर आएंगे ये कलाकार
सीरीज में अनीत पड्डा के अलावा कई शानदार कलाकार नजर आएंगे। टीजर में फातिमा सना शेख, राम कपूर, मोहम्मद जीशान अय्यूब, अर्जुन माथुर और जोया हुसैन की भी झलक देखने को मिली है।
इसके अलावा रघुबीर यादव, राजेश शर्मा और चारु शंकर भी सीरीज का हिस्सा हैं। ‘हुंकार’ का निर्देशन करण कपाड़िया, नित्या मेहरा और हीराज मारफतिया ने किया है। इसका निर्माण बिरला स्टूडियो और अप्लॉज एंटरटेनमेंट कर रहे हैं।
अनीत पड्डा की इस सीरीज का टीजर सामने आने के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। ‘हुंकार: द रोर’ 25 सितंबर को जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। हालांकि, सीरीज में कुल कितने एपिसोड होंगे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
‘सैयारा’ के बाद अनीत पड्डा की लोकप्रियता काफी बढ़ी है। ऐसे में अब दर्शकों की नजर इस बात पर है कि ‘हुंकार’ में उनका यह पहले से शूट किया हुआ किरदार उन्हें कितना अलग और प्रभावशाली अंदाज में पेश करता है।