राम मंदिर को आज मिल सकता है पहला CEO, ट्रस्ट की बैठक में होगा बड़ा फैसला

KNEWS DESK- अयोध्या में राम मंदिर से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार का दिन अहम रहने वाला है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक आज दोपहर 3 बजे मणिराम दास छावनी में आयोजित होगी। बैठक में राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन से लेकर SIT जांच और ट्रस्ट की प्रशासनिक व्यवस्था तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

CEO के चयन के लिए गठित नियुक्ति समिति ने मंगलवार को ट्रस्ट को तीन नाम सौंपे थे। अब ट्रस्ट की बैठक में समिति की रिपोर्ट पर चर्चा की जाएगी और इसके बाद CEO की नियुक्ति को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। ऐसे में संभावना है कि बुधवार को राम मंदिर के पहले CEO के नाम का ऐलान हो जाए।

SIT जांच की स्थिति पर भी होगी चर्चा

बैठक के एजेंडे में राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े मामलों की विशेष जांच दल (SIT) की जांच की वर्तमान स्थिति भी शामिल है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित SIT की जांच को लेकर ट्रस्ट के महासचिव की ओर से अपडेट दिया जाएगा।

इसके अलावा ट्रस्ट डीड और न्यास नियमावली में संशोधन का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया है। इससे ट्रस्ट की प्रशासनिक और संचालन व्यवस्था में भविष्य में बदलाव का रास्ता खुल सकता है।

2025-26 के वित्तीय हिसाब-किताब को मंजूरी

बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लेखा परीक्षित आय-व्यय पत्रक और तुलन पत्रक को मंजूरी देने का प्रस्ताव भी रखा गया है। साथ ही पिछली बैठक में लिए गए फैसलों के अनुपालन की रिपोर्ट पेश की जाएगी।

22 जुलाई 2026 को हुई पिछली बैठक की कार्यवाही के वाचन और पुष्टि के अलावा 2 सितंबर को होने वाली विशेष बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से जुड़े विषय भी एजेंडे में शामिल हैं।

मंदिर की सुरक्षा के लिए बनेगी स्थानीय समन्वय समिति

राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर करने के लिए भी ट्रस्ट बड़ा फैसला ले सकता है। बैठक में महासचिव की अध्यक्षता में राम मंदिर के लिए स्थानीय सुरक्षा समन्वय समिति बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

इसके साथ ही ट्रस्ट के प्रेस प्रवक्ता की नियुक्ति का मुद्दा भी बैठक में उठ सकता है। पिछली बैठक में ट्रस्ट में सचिव और प्रवक्ता के पद सृजित किए गए थे। सचिव पद पर नियुक्ति हो चुकी है, जिसकी मंजूरी बैठक में दी जा सकती है। वहीं प्रवक्ता पद पर भी नियुक्ति होने की संभावना है।

महासचिव और खाली पदों पर फिलहाल चर्चा नहीं

ट्रस्ट में वर्तमान महासचिव कृष्ण मोहन बने रह सकते हैं। बैठक के एजेंडे में महासचिव की नियुक्ति या ट्रस्ट के खाली सदस्य पदों को लेकर कोई अलग प्रस्ताव शामिल नहीं है। इसलिए इन मुद्दों पर नियमित एजेंडे के तहत चर्चा की संभावना नहीं है। हालांकि, अध्यक्ष की अनुमति मिलने पर इन विषयों को बैठक में उठाया जा सकता है।

बैठक में ट्रस्ट के आगामी कामकाज और रणनीति पर भी विचार होगा। साथ ही अगली बैठक की तारीख तय की जाएगी। अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषयों पर भी चर्चा की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *