KNEWS DESK – फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. बिना किसी बड़ी स्टारकास्ट और भारी-भरकम वीएफएक्स के बनी इस फिल्म को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिल रहा है. फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी कहानी और संत नीम करौली बाबा की हनुमान भक्ति को दिखाने का तरीका बताया जा रहा है.
करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म का शुरुआत में बड़े स्तर पर प्रमोशन नहीं किया गया था. लेकिन फिल्म देखने वाले दर्शकों ने इसकी तारीफ की और धीरे-धीरे सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ती चली गई. अब फिल्म की कमाई करोड़ों में पहुंच चुकी है.
50 करोड़ के करीब पहुंचा कलेक्शन
‘हनुमान अंश’ जल्द ही 50 करोड़ रुपये के ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के आंकड़े के करीब पहुंच सकती है. रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने बीते दिन 12 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है. खास बात यह है कि शुरुआत में लाखों रुपये में होने वाली कमाई अब लगातार करोड़ों में पहुंच रही है.
फिल्म की मौजूदा रफ्तार को देखते हुए मेकर्स को उम्मीद है कि अगर आने वाले दिनों में भी दर्शकों का प्यार इसी तरह जारी रहा, तो फिल्म 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर सकती है. करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म के लिए यह उपलब्धि बेहद बड़ी होगी.
खत्म नहीं हुई नीम करौली बाबा की कहानी
फिल्म की कहानी यहीं खत्म नहीं होने वाली है. ‘हनुमान अंश’ के अंत में ही सीक्वल का संकेत दे दिया गया था. फिल्म के आखिर में दिखाए गए संदेश में बताया गया कि नीम करौली बाबा की कहानी अभी पूरी नहीं हुई है.
फिल्म के राइटर-डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने भी सीक्वल को लेकर बड़ा अपडेट दिया है. उन्होंने बताया कि फिल्म के दूसरे पार्ट पर काम शुरू हो चुका है.
पार्ट 2 में फिरोजाबाद, आगरा और मथुरा पर फोकस
रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ के दूसरे पार्ट में नीम करौली बाबा के जन्मस्थान फिरोजाबाद को कहानी का अहम हिस्सा बनाया जाएगा. इसके बाद उनके जीवन से जुड़े आगरा और मथुरा के पहलुओं को भी दिखाया जाएगा.
बताया गया है कि नीम करौली बाबा का परिवार आगरा में रहा था. ऐसे में सीक्वल में उनके जीवन के इन महत्वपूर्ण पड़ावों को कहानी के जरिए सामने लाया जा सकता है.
ट्रिलॉजी होगी ‘हनुमान अंश’
इस फिल्म को लेकर मेकर्स ने पहले ही साफ कर दिया था कि ‘हनुमान अंश’ एक ट्रिलॉजी होगी. फिल्म की कहानी ‘डिवाइन डिटूर’ किताब से प्रेरित बताई गई है.
फिल्म का ऑफिशियल ऐलान 20 फरवरी को किया गया था. हालांकि, दूसरे पार्ट की शूटिंग कब शुरू होगी और इसे सिनेमाघरों में कब रिलीज किया जाएगा, इसे लेकर अभी आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है.
फिलहाल ‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस सफलता ने यह साबित कर दिया है कि बड़े बजट और स्टार पावर के बिना भी मजबूत कहानी और आस्था दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच सकती है.