KNews Desk: दिल्ली के बवाना इलाके के एक निजी स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाली तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। मामले में स्कूल बस चालक विकास को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन और स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आरोपी के मोबाइल से छोटे बच्चों से जुड़े कई वीडियो मिलने की बात भी सामने आई है।
मामले का खुलासा 19 अगस्त की रात हुआ, जब बच्ची के परिजनों ने उसके निजी अंगों पर चोट के निशान देखे। बच्ची की मां ने उससे घटना के बारे में पूछने की कोशिश की। इस दौरान बच्ची ने स्कूल में मौजूद एक व्यक्ति को ‘बैड अंकल’ बताते हुए उसका जिक्र किया। बच्ची ने बताया कि वह व्यक्ति उसे चॉकलेट देता था। हालांकि, बच्ची उस समय आरोपी का नाम नहीं बता सकी। परिजनों ने मामले की जानकारी स्कूल प्रशासन को दी। इसके बाद बच्ची से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान करने की कोशिश शुरू हुई। पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को बच्ची को कुछ लोगों की तस्वीरें और स्कूल की CCTV फुटेज दिखाई गई। फुटेज देखने के बाद बच्ची ने बस चालक विकास की पहचान की। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने मामले में POCSO एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की और आरोपी को स्कूल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि आरोपी करीब आठ महीने से स्कूल बस चला रहा था और इस दौरान उसका स्कूल परिसर में आना-जाना था। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी बच्ची को कथित तौर पर चॉकलेट का लालच देता था। आरोप है कि बच्ची जब बाथरूम की ओर जाती थी, तब आरोपी उसका पीछा करता था। एक घटना में आरोपी द्वारा बच्ची को चॉकलेट देकर स्कूल की सीढ़ियों के नीचे ले जाने और उसके साथ यौन शोषण करने का आरोप है। पुलिस को शुरुआती तौर पर बच्ची के साथ करीब चार बार ऐसी घटना होने की जानकारी मिली है। हालांकि, मामले की पूरी स्थिति विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
जांच के दौरान पुलिस ने स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली है। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में आरोपी स्कूल परिसर में जेब में चॉकलेट लेकर घूमता हुआ दिखाई देता है। अब अलग-अलग तारीखों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की गतिविधियों और बच्ची के साथ हुई घटनाओं के बीच संबंध की पुष्टि की जा सके। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है। शुरुआती जांच में फोन से छोटे बच्चों को चॉकलेट खिलाते हुए कई वीडियो मिलने की बात कही गई है। पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है और उनमें नजर आ रहे बच्चों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। संभावित रूप से प्रभावित बच्चों के परिवारों से संपर्क कर आवश्यक कार्रवाई और काउंसलिंग कराने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ मामले की जांच के साथ-साथ स्कूल प्रशासन की भूमिका और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है। CCTV फुटेज, मोबाइल फोन, बच्ची की पहचान और बयान समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है।