नॉर्थ साइप्रस के पास बड़ा नाव हादसा, 7 की मौत; 89 लोग अब भी लापता

267 लोगों को लेकर जा रही नाव समुद्र में पलटी, 172 यात्रियों को सुरक्षित बचाया गया; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

KNews Desk– नॉर्थ साइप्रस के काइरेनिया पोर्ट के पास रविवार को एक बड़ा नाव हादसा हो गया। 267 लोगों को लेकर जा रही एक नाव अचानक समुद्र में पलट गई। हादसे में कम से कम 7 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 172 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, 89 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए बड़े स्तर पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

नॉर्थ साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल के मुताबिक, कटमरैन शैली की यह नाव काइरेनिया पोर्ट से रवाना हुई थी। किनारे से कुछ किलोमीटर दूर पहुंचने के बाद नाव समुद्र में डूबने लगी और देखते ही देखते पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद नावों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया।

प्रधानमंत्री ने बताया कि नाव में यात्रियों के साथ क्रू के सदस्य भी मौजूद थे और कुल 267 लोग सवार थे। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू करने की बात कही है।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

रेस्क्यू किए गए लोगों में कुछ के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घायलों को पहले गिरने पोर्ट लाया गया, जिसके बाद उन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी अस्पतालों को अलर्ट कर दिया है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी तैयारियां की गई हैं।

89 लोगों की तलाश जारी

हादसे के बाद सबसे बड़ी चुनौती समुद्र में लापता 89 लोगों को तलाशना है। बचाव दल लगातार समुद्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभियान पर लगातार नजर रखी जा रही है।

हादसे के बाद सामने आई तस्वीरों में नाव समुद्र के पानी में उलटी दिखाई दे रही है। नाव के ऊपर कुछ लोग लाइफ जैकेट पहने हुए नजर आए। राहत कार्य में कई नावों को लगाया गया है।

प्रधानमंत्री उनाल उस्टेल ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि राज्य की सभी संबंधित एजेंसियां राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *