KNews Desk– उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में शादी का रिश्ता टूटने के बाद भी एक युवती पर शादी का दबाव बनाने और इनकार करने पर तेजाब से हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक ने शनिवार देर रात सिंभावली थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर दो सगी बहनों पर तेजाब डाल दिया। घटना में दोनों युवतियां गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें उपचार के लिए मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नशे की जानकारी के बाद तोड़ा गया था रिश्ता
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने अपनी बड़ी बेटी का रिश्ता हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी निवासी हर्ष नाम के युवक के साथ तय किया था। परिवार को बाद में पता चला कि युवक कथित तौर पर नशे का सेवन करता है। इसके बाद परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया।
आरोप है कि रिश्ता खत्म होने के बाद भी युवक लगातार युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। परिवार और युवती की ओर से स्पष्ट रूप से इनकार किए जाने के बाद आरोपी कथित तौर पर नाराज हो गया। इसके बाद उसने युवती को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और शनिवार रात वारदात को अंजाम दिया।
रात करीब सवा दो बजे घर में घुसा आरोपी
पीड़ित परिवार के मुताबिक, शनिवार रात करीब सवा दो बजे आरोपी दीवार फांदकर घर में दाखिल हुआ। उसके पास एक बोतल में तेजाब था। घर में आहट होने पर बड़ी बेटी की आंख खुल गई। आरोप है कि युवती कुछ समझ पाती, इससे पहले ही आरोपी ने उस पर तेजाब फेंक दिया।
बड़ी बहन को बचाने के लिए छोटी बहन आगे आई तो आरोपी ने उस पर भी तेजाब डाल दिया। दोनों बहनों के चीखने और शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण जाग गए। इसके बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा।
ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
ग्रामीणों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
तेजाब से झुलसी दोनों बहनों को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें मेरठ रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों का उपचार जारी है।
आरोपी हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
सीओ राहुल यादव ने बताया कि तेजाब से झुलसी दोनों युवतियों का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तेजाब कहां से लेकर आया और क्या उसने वारदात की पहले से योजना बनाई थी। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।