ग्रेटर नोएडा में 7 साल की बच्ची की हत्या, बोरे में शव ले जाता दिखा संदिग्ध; रेप की भी आशंका

Greater Noida Crime News: हल्दोनी गांव में 7 साल की बच्ची की हत्या से सनसनी फैल गई। बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस ने तलाश शुरू की तो CCTV फुटेज में एक युवक उसे अपने साथ ले जाता नजर आया। बाद में वही युवक बोरे में कुछ ले जाता दिखाई दिया। खेत से बच्ची का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

KNews Desk– उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दोनी गांव में 7 साल की बच्ची की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया।

पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त की रात बच्ची के परिजनों ने उसके लापता होने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने तलाश के लिए पांच टीमें गठित कीं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।

जांच के दौरान एक युवक बच्ची को अपने साथ ले जाता दिखाई दिया। इसके बाद सामने आए दूसरे CCTV फुटेज में वही युवक कथित तौर पर एक बोरा लेकर जाता नजर आया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और आसपास के इलाके में तलाश शुरू की।

खेत से बोरे में मिला बच्ची का शव

पुलिस की जांच के दौरान पास के खेत से बच्ची का शव बोरे में बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मामले में पुलिस ने एक पड़ोसी समेत दो युवकों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को घर से कौन ले गया और उसकी हत्या के पीछे क्या वजह थी।

पुलिस के अनुसार, बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह और अन्य परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

परिवार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। बच्ची के पिता मजीद ने आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद गांव में भी आक्रोश का माहौल है। सुरक्षा को देखते हुए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *