KNews Desk: ‘बिग बॉस मराठी 5’ के चर्चित कपल निक्की तंबोली और अरबाज पटेल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार दोनों के किसी नए प्रोजेक्ट या शो को लेकर नहीं, बल्कि उनके रिश्ते में आई कथित दरार को लेकर चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर दोनों के ब्रेकअप की अफवाहें तेज हो गई हैं। करीब दो साल से एक-दूसरे को डेट कर रहे निक्की और अरबाज ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक-दूसरे को अनफॉलो कर दिया है। इसके बाद दोनों की ओर से शेयर किए गए क्रिप्टिक पोस्ट ने इन अटकलों को और हवा दे दी है।
निक्की तंबोली और अरबाज पटेल की मुलाकात ‘बिग बॉस मराठी 5’ के दौरान हुई थी। शो के दौरान दोनों की नजदीकियां काफी चर्चा में रही थीं। शो खत्म होने के बाद भी दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया। सोशल मीडिया पर भी दोनों एक-दूसरे के साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते थे। यही वजह है कि दोनों के बीच अनबन की खबर सामने आने के बाद उनके फैंस भी हैरान हैं।
मामला तब और ज्यादा चर्चा में आ गया, जब अरबाज पटेल ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर चीटिंग से जुड़ा एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में पार्टनर को धोखा देने और फिर घर लौटकर उससे प्यार का इजहार करने की बात कही गई थी। इस पोस्ट को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे निक्की तंबोली से जोड़ना शुरू कर दिया। हालांकि, अरबाज ने इस पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया और यह स्पष्ट नहीं किया कि उनका इशारा किसकी तरफ था।अरबाज के पोस्ट के बाद निक्की तंबोली ने भी एक क्रिप्टिक पोस्ट शेयर किया। इसमें अफेयर और रिश्ते में किए गए वादों को लेकर बात कही गई थी। निक्की के पोस्ट में इस बात की ओर इशारा किया गया कि अफेयर्स सिर्फ इसलिए नहीं होते क्योंकि कोई नया व्यक्ति आकर्षक है, बल्कि इसकी वजह यह भी हो सकती है कि पुराने रिश्ते में कोई व्यक्ति अपने वादों का सम्मान करना बंद कर दे। दोनों के पोस्ट लगभग एक-दूसरे के जवाब जैसे नजर आने के बाद फैंस के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स का दावा है कि दोनों के बीच रिश्ते को लेकर तनाव चल रहा है, जबकि कुछ लोग इसे महज सोशल मीडिया पोस्ट मान रहे हैं। फिलहाल निक्की या अरबाज की ओर से उनके रिश्ते को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ऐसे में यह कहना जल्दबाजी होगी कि दोनों का ब्रेकअप हो चुका है या उनके बीच किसी तरह की बेवफाई हुई है।एक-दूसरे को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करना और लगातार क्रिप्टिक पोस्ट शेयर करना जरूर उनके रिश्ते में सबकुछ ठीक नहीं होने की ओर इशारा करता है, लेकिन असली वजह क्या है, यह अभी साफ नहीं है। अब फैंस की नजर दोनों के अगले सोशल मीडिया पोस्ट या आधिकारिक बयान पर है। જો दोनों इस मामले पर खुलकर बात करते हैं, तभी यह स्पष्ट हो पाएगा कि आखिर उनके रिश्ते में क्या चल रहा है।