Knews Desk – अमेजन प्राइम वीडियो के रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ में इनोसेंट्स और ट्रेटर्स के बीच चल रही दिमागी जंग अब बेहद दिलचस्प और भावुक मोड़ पर पहुंच गई है. शो के लेटेस्ट एपिसोड में इनोसेंट्स ने शक और गलतफहमी के चलते ऐसी गलती कर दी, जिसका फायदा सीधे ट्रेटर्स को मिला. राउंड टेबल यानी ‘सर्कल ऑफ शॉक’ में साथी खिलाड़ियों ने बॉलीवुड एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती को वोट आउट कर दिया.
शो की शुरुआत से ही रिया चक्रवर्ती ने साफ किया था कि वह ट्रेटर नहीं बनना चाहती थीं. वह खुद को एक इनोसेंट के तौर पर देखती थीं और गेम में अपने साथी खिलाड़ियों का साथ देने की कोशिश करती रहीं. हालांकि, जैसे-जैसे खेल आगे बढ़ा, उनके खिलाफ शक गहराता गया. राउंड टेबल पर रिया ने अपनी सफाई देने की पूरी कोशिश की, लेकिन साथी खिलाड़ियों ने उनकी बात पर भरोसा नहीं किया.
बहुमत से वोट मिलने के बाद रिया का एलिमिनेशन तय हो गया. शो से बाहर होने से पहले रिया ने किसी के प्रति कड़वाहट नहीं दिखाई और सभी खिलाड़ियों को भावुक अंदाज में अलविदा कहा. उन्होंने कहा कि सभी के साथ उन्होंने बेहद खूबसूरत वक्त बिताया और शो में रहते हुए साथी कंटेस्टेंट्स उनके लिए घर से दूर एक परिवार की तरह बन गए.
रिया ने आगे कहा कि शक के इस माहौल में अगर उन्होंने किसी पर उंगली उठाई हो, तो वह दिल से माफी मांगती हैं. उन्होंने क्रिस्टल, साहिल और मल्लिका का नाम लेते हुए कहा कि आखिरकार ये सिर्फ एक खेल है और उन्हें उम्मीद है कि गेम खत्म होने के बाद सभी बाहर भी अच्छे दोस्त बने रहेंगे.
https://www.instagram.com/p/Da9mvlXFIHP/
इसके बाद रिया से उनका आखिरी सच बताने को कहा गया कि वह इनोसेंट थीं या ट्रेटर. इस पर उन्होंने बेहद अलग अंदाज में जवाब दिया. रिया ने कहा, “रोजेज आर रेड, वायलेट्स आर ब्लू… आई एम इन माय चैपल, हाउ डेयर यू? मैं एक इनोसेंट हूं. मैं हमेशा से इनोसेंट थी और हमेशा इनोसेंट ही रहूंगी.”
रिया के मुंह से खुद को इनोसेंट बताते सुनकर कमरे में मौजूद कई खिलाड़ियों के होश उड़ गए. कुछ कंटेस्टेंट्स भावुक हो गए और उन्हें अपनी गलती का एहसास होने लगा. उन्हें समझ आया कि शक के चलते उन्होंने अपने ही एक मजबूत इनोसेंट खिलाड़ी को गेम से बाहर कर दिया.
रिया के एलिमिनेशन के बाद ट्रेटर्स के लिए गेम और आसान हो गया है. इनोसेंट्स लगातार अपने ही साथियों पर शक करके उन्हें बाहर कर रहे हैं, जबकि ट्रेटर्स पर्दे के पीछे से पूरे खेल को प्रभावित कर रहे हैं. अब रिया के शॉकिंग एग्जिट के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि बाकी इनोसेंट्स अपनी रणनीति बदलते हैं या फिर ट्रेटर्स एक-एक करके सभी को मात देने में कामयाब होते हैं.