पति ने बिना तलाक दूसरी शादी की, पत्नी ने सिपाही के खिलाफ दर्ज कराया केस

Knews Desk- उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में तैनात एक सिपाही पर उसकी पत्नी ने बिना तलाक लिए दूसरी शादी करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता बिंदु यादव ने महिला थाने में पति सुनील कुमार यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

बिंदु यादव का कहना है कि उनकी शादी वर्ष 2010 में सुनील यादव से हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनमें 14 साल की बेटी और 10 साल का बेटा है। महिला के मुताबिक, पति ने दूसरी महिला से शादी कर ली है और फिलहाल उसी के साथ गोरखपुर में रह रहा है।

पीड़िता का आरोप है कि दूसरी शादी के बाद पति ने उससे और बच्चों से दूरी बना ली और घर का खर्च भेजना भी बंद कर दिया। आर्थिक परेशानी के कारण बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं हो पा रही है। महिला ने पति पर मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के भी आरोप लगाए हैं।

बिंदु के अनुसार, एक महिला कई वर्षों से उनके मोबाइल पर फोन करती थी और खुद को सुनील की पत्नी बताती थी। इसी मामले को लेकर वह अपने पति से मिलने गोरखपुर भी पहुंची, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।

सुनील यादव वर्ष 2005-06 बैच के आरक्षी बताए जा रहे हैं और वर्तमान में गोरखपुर के बेलीपार थाना क्षेत्र में डायल-112 में तैनात हैं।

महिला थाना प्रभारी सुनीता सिंह के मुताबिक, पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। दूसरी शादी के आरोप की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *