KNEWS DESK – शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय, चंद्रचूड़ सिंह, प्रिया गिल और शरद कपूर स्टारर फिल्म ‘जोश’ साल 2000 में रिलीज हुई थी। मंसूर खान के निर्देशन में बनी इस फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। अब फिल्म में शाहरुख खान की गैंग के सदस्य रॉनी का किरदार निभाने वाले अभिनेता पुनीत वशिष्ठ ने फिल्म से जुड़े एक पुराने किस्से का खुलासा किया है।
पुनीत ने लगाया सीन कटवाने का आरोप
एक हालिया यूट्यूब इंटरव्यू में पुनीत वशिष्ठ ने दावा किया कि ‘जोश’ में उनके कई सीन काट दिए गए थे। जब उनसे पूछा गया कि ऐसा क्यों हुआ, तो उन्होंने शाहरुख खान का जिक्र किया।
पुनीत ने बताया कि वह शाहरुख को डांस की ट्रेनिंग भी दे चुके थे और दोनों एक-दूसरे की एनर्जी से अच्छी तरह वाकिफ थे। उनके मुताबिक, शूटिंग के दौरान जब शाहरुख कोई एक्शन या जंप करते थे, तो वह स्वाभाविक रूप से उससे भी ज्यादा एनर्जी के साथ परफॉर्म कर देते थे।
पुनीत ने कहा कि शाहरुख अगर 10 फीट की जंप करते थे, तो उनकी अपनी जंप करीब 14 फीट तक चली जाती थी। उनका दावा है कि इससे कैमरे का ध्यान उनकी तरफ ज्यादा जाने लगा और इसी वजह से उनके सीन काट दिए गए।
‘मैं उनकी जगह होता तो…’
पुनीत ने बताया कि जब उन्होंने ‘जोश’ में काम करना शुरू किया था, तब उनकी उम्र करीब 20 साल थी। उनके मुताबिक, फिल्म को पहले कुछ महीनों में पूरा किया जाना था, लेकिन इसे बनने में करीब साढ़े चार साल लग गए।
एक्टर ने कहा कि उस वक्त वह इस बात पर ज्यादा ध्यान देते रहे कि उन्होंने क्या खोया, जबकि उन्हें इस बात पर ध्यान देना चाहिए था कि उन्होंने क्या हासिल किया।

उन्होंने फिल्म के दौरान बने ग्रुपिज्म और इंडस्ट्री में लॉबी को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की।
साइडलाइन किए जाने के बाद डिप्रेशन में चले गए
पुनीत वशिष्ठ ने दावा किया कि इंडस्ट्री में उन्हें लगातार नजरअंदाज किया जाने लगा, जिसके बाद वह डिप्रेशन में चले गए। उन्होंने बताया कि इस दौर में वह शराब और नशे की लत में भी फंस गए थे।
एक्टर के मुताबिक, उनके अंदर टैलेंट और कॉन्फिडेंस था, लेकिन धीरे-धीरे ये समस्याएं उन पर हावी होती चली गईं। हालांकि, अब वह इस पूरे दौर को अपनी जिंदगी की एक प्रक्रिया के तौर पर देखते हैं और कहते हैं कि भगवान की कृपा से वह उस दौर से बाहर निकल पाए।
पुनीत के इन दावों के बाद ‘जोश’ और फिल्म से जुड़े कलाकार एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। हालांकि, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर शाहरुख खान या फिल्म की टीम की कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।