Knews Desk– ऑल इंडिया आयुष पोस्ट ग्रेजुएट एंट्रेंस टेस्ट यानी AIAPGET 2026 में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए अहम अपडेट सामने आया है। जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर बिजली गुल होने के कारण 49 उम्मीदवार अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने प्रभावित उम्मीदवारों के लिए दोबारा परीक्षा कराने का फैसला किया है। इन सभी 49 उम्मीदवारों के लिए री-एग्जाम 1 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
AIAPGET 2026 परीक्षा 22 अगस्त को देशभर में एक ही शिफ्ट में कंप्यूटर आधारित टेस्ट यानी CBT मोड में आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 36,979 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जबकि 35,837 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा देशभर के करीब 200 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। हालांकि, जयपुर के श्रीसत्य साईं पीजी कॉलेज परीक्षा केंद्र पर बिजली कटने की वजह से परीक्षा प्रभावित हुई।
इस सेंटर पर कुल 192 उम्मीदवार परीक्षा में शामिल हुए थे। बिजली की समस्या के कारण इनमें से 49 उम्मीदवार अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। परीक्षा के दौरान तकनीकी व्यवस्था प्रभावित होने के बाद एनटीए ने स्थिति की समीक्षा की और प्रभावित अभ्यर्थियों के हित में दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। एनटीए ने परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसी एडुक्विटी करियर टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है।एनटीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, प्रभावित 49 उम्मीदवारों के लिए री-एग्जाम 1 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा राजस्थान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग फॉर विमेन, जयपुर में होगी। उम्मीदवारों को दोबारा परीक्षा के लिए संशोधित एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। इन एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग टाइम और अन्य जरूरी निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।
प्रभावित उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपना संशोधित एडमिट कार्ड ध्यान से चेक करें और उसमें दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें। उम्मीदवारों को निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि री-एग्जाम में वही उम्मीदवार शामिल होंगे जो बिजली कटने की घटना से प्रभावित हुए थे।AIAPGET देश की प्रमुख प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। इसके जरिए आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी जैसे आयुष विषयों में पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में दाखिले का रास्ता खुलता है। इस परीक्षा में उम्मीदवारों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें संबंधित पोस्ट ग्रेजुएट पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पात्रता मिलती है।
AIAPGET का स्कोर अलग-अलग संस्थानों में आयुष पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सेज में एडमिशन की प्रक्रिया में इस्तेमाल किया जाता है। परीक्षा का रिजल्ट जारी होने के बाद पात्र उम्मीदवार संबंधित नियमों के तहत काउंसलिंग और आगे की प्रवेश प्रक्रिया में हिस्सा लेते हैं। ऐसे में 49 उम्मीदवारों के लिए समय पर री-एग्जाम कराना जरूरी है, ताकि उनकी एडमिशन प्रक्रिया प्रभावित न हो।बिजली कटने जैसी तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा से वंचित हुए उम्मीदवारों को अब 1 सितंबर की परीक्षा का इंतजार रहेगा। उन्हें सलाह है कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी होते ही उसमें दिए गए केंद्र और समय की जानकारी जरूर जांच लें और री-एग्जाम की तैयारी जारी रखें।