आंखों में मिर्च डाली, फिर पुलिस पर ईंट-पत्थरों से हमला; 3 जवान घायल, नाबालिग हिरासत में

Delhi Police Attack: दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया। आरोप है कि बाइक जब्त करने से नाराज लोगों ने पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाला और फिर ईंट-पत्थरों व डंडों से हमला कर दिया।

Knews Desk-दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में पुलिसकर्मियों पर हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुकुंदपुर के जनता विहार इलाके में चेकिंग के दौरान बिना दस्तावेज मिली बाइक को थाने ले जाने पर बाइक मालिक और उसके परिजन भड़क गए। आरोप है कि उन्होंने पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया।

हमलावरों ने पहले पुलिसकर्मियों की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद ईंट-पत्थरों और डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। इस दौरान बीच-बचाव के लिए पहुंचे एक अन्य हेड कांस्टेबल को भी निशाना बनाया गया। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

तीन पुलिसकर्मी घायल

हमले में हेड कांस्टेबल दिनेश के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि कुल तीन पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और मौके से 17 वर्षीय एक नाबालिग को पकड़ लिया। हालांकि, वारदात में शामिल अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज

भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने FIR नंबर 537/26 दर्ज कर BNS की धारा 221, 132, 121(1), 110, 61 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, मामले का मुख्य आरोपी सुनील उर्फ पंकज इलाके का घोषित बैड कैरेक्टर है। उसके खिलाफ पहले से पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दो मामले NDPS एक्ट से जुड़े बताए गए हैं।

पुलिस अब वीडियो फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर हमले में शामिल बाकी आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *