‘भुलेश्वर चा राजा’ के आगमन में बड़ा हादसा, गणेश प्रतिमा गिरी; 2 की मौत, 5 घायल

KNEWS DESK- मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। भुलेश्वर इलाके में गणेश आगमन समारोह के दौरान ‘भुलेश्वर चा राजा’ की विशाल गणेश प्रतिमा अचानक गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं। घायलों में 5 और 7 साल की दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

यह घटना शनिवार रात करीब 10 बजे भुलेश्वर के बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुई। यहां ‘भुलेश्वर चा राजा’ की गणेश प्रतिमा को आगमन समारोह के तहत ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक प्रतिमा गिर गई और उसके नीचे कई लोग दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान शुरू कर घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में घायल सभी लोगों की हालत फिलहाल स्थिर है और उनका इलाज जारी है।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायलों की पहचान वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) के रूप में हुई है। इनमें दोनों बच्चियों के घायल होने से हादसे की गंभीरता और बढ़ गई है। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

गणेशोत्सव से पहले हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है कि आखिर गणेश प्रतिमा आगमन के दौरान यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ते हैं, ऐसे में इस घटना के बाद आगामी आयोजनों में सुरक्षा इंतजामों पर विशेष ध्यान दिए जाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *