Knews Desk- बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में संगठन को मजबूत करने, युवाओं से जुड़ाव बढ़ाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा हुई। दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए पदाधिकारियों का परिचय कराया गया और उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशव्यापी अभियान चलाने का फैसला लिया गया। पार्टी इस अभियान के जरिए वंदे मातरम् के इतिहास, उसके राष्ट्रीय महत्व और स्वतंत्रता आंदोलन में उसकी भूमिका को लोगों तक पहुंचाएगी। खास तौर पर युवाओं और Gen Z को इस अभियान से जोड़ने पर जोर रहेगा।
17 सितंबर से सेवा पखवाड़े की शुरुआत
बीजेपी महासचिव विनोद तावड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा पखवाड़े की शुरुआत होगी। इस दौरान देशभर में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, पौधारोपण, स्वास्थ्य शिविर और केंद्र सरकार की योजनाओं से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी का लक्ष्य देश की करीब 14 लाख आंगनवाड़ियों तक पहुंचना और वहां सेवा कार्यों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करना भी है। कार्यकर्ताओं को इन गतिविधियों के वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
Gen Z पर बीजेपी का खास फोकस
बैठक में युवा और Gen Z वोटर्स तक सीधे पहुंच बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। पार्टी के वरिष्ठ नेता युवाओं के बीच जाकर उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और विचारों को समझेंगे।
नितिन नवीन, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेता इस आउटरीच अभियान में भूमिका निभाएंगे। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर इनोवेशन चैलेंज आयोजित करने की भी योजना है, जिसमें स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए नए विचारों को सामने लाया जाएगा।
वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस पर निशाना
बीजेपी ने वंदे मातरम् के सम्मान और उसकी ऐतिहासिक विरासत को लेकर प्रस्ताव पारित किया। पार्टी ने कांग्रेस के उस फैसले पर आपत्ति जताई, जिसमें उसके कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के शुरुआती दो पदों तक गायन सीमित रखने की बात कही गई है।
बीजेपी का कहना है कि वंदे मातरम् सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि देश की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संघर्ष से जुड़ी महत्वपूर्ण विरासत है। पार्टी अब इसके इतिहास और महत्व को देशभर में प्रचारित करने की तैयारी में है।
चुनावी तैयारियों पर भी मंथन
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने और आने वाले चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों को तेज करने पर भी चर्चा हुई।
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़े के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन की थीम पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे मुद्दों पर प्रबुद्ध वर्ग और विभिन्न सामाजिक समूहों के साथ संवाद कार्यक्रम होंगे।
कुल मिलाकर बीजेपी की नई टीम की पहली बैठक में संगठन विस्तार, सेवा अभियान, वंदे मातरम् और Gen Z कनेक्ट को आगामी रणनीति के प्रमुख केंद्र में रखा गया है।