Knews Desk- भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में खेले जा रहे टेस्ट मैच के दौरान उस समय माहौल गरमा गया, जब भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो के बीच मैदान पर बहस हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों खिलाड़ी एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए और स्थिति संभालने के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बीच-बचाव करना पड़ा। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना भारतीय पारी के 17वें ओवर की आखिरी गेंद के बाद हुई। असिथा फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को क्लीन बोल्ड कर दिया। आउट होने के समय यशस्वी 53 गेंदों पर 45 रन बनाकर खेल रहे थे। विकेट गंवाने के बाद वह पवेलियन की ओर लौट रहे थे, तभी असिथा फर्नांडो की ओर से कुछ कहे जाने के बाद यशस्वी अचानक पीछे मुड़े।इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे के बिल्कुल करीब आ गए और हेड-टू-हेड की स्थिति बन गई। मैदान पर मौजूद श्रीलंकाई और भारतीय खिलाड़ियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग किया। इसके बाद यशस्वी पवेलियन की ओर लौट गए।
यशस्वी ने बनाए 45 रन
मैच में यशस्वी जायसवाल ने भारतीय पारी की शुरुआत करते हुए 53 गेंदों में 45 रन की पारी खेली। उन्होंने केएल राहुल के साथ पहले विकेट के लिए 37 रन की साझेदारी की। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल के साथ भी 29 रन जोड़े।यशस्वी के आउट होने के बाद शुभमन गिल बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। टीम इंडिया को कप्तान गिल से बड़ी पारी की उम्मीद है, खासकर पिछले मैच में उनके बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले थे।
कोलंबो टेस्ट के पहले दिन लंच तक भारत ने 25 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 88 रन बना लिए थे। यशस्वी और फर्नांडो के बीच हुई इस भिड़ंत ने मुकाबले के क्रिकेटिंग रोमांच के साथ-साथ मैदान पर खिलाड़ियों के बीच बढ़े तनाव को भी चर्चा में ला दिया है।