पेशी के लिए कोर्ट पहुंचे गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा पर बाइक सवार बदमाशों ने करीब 12 राउंड गोलियां चलाईं. हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी को पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है.
Knews Desk- हरियाणा के हिसार में गुरुवार को कोर्ट परिसर के बाहर दिनदहाड़े गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि विनोद काणा कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचा था. इसी दौरान बाइक पर आए हमलावरों ने उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. करीब 12 गोलियां चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
फायरिंग के बाद हमलावर वहां से भागने लगे. बताया जा रहा है कि विनोद के साथ मौजूद कुछ लोगों ने एक आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने विनोद काणा को मृत घोषित कर दिया.
दिनदहाड़े कोर्ट के गेट के सामने हुई गोलीबारी से वकीलों और अन्य लोगों में हड़कंप मच गया. घटना से जुड़े दो वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है. एक वीडियो में फायरिंग के बाद एक हमलावर भागता दिखाई देता है, जबकि दूसरे में घायल विनोद काणा और उसके दो साथियों को फॉर्च्यूनर से अस्पताल ले जाते हुए देखा गया.
विनोद काणा पर दर्ज थे करीब 40 आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, विनोद पानू उर्फ काणा के खिलाफ हत्या समेत करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज थे. उसका आपराधिक नेटवर्क दिल्ली-NCR सहित कई क्षेत्रों तक फैला हुआ बताया जाता है. हिसार के एएसपी मयंक मुदगिल के मुताबिक, फायरिंग में शामिल एक आरोपी को पकड़ लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है.
विनोद काणा को हरियाणा पुलिस ने 2017 में झज्जर के भड़ावास इलाके से गिरफ्तार किया था. उस समय उस पर 7 लाख रुपये का इनाम घोषित था. पुलिस ने उसके साथ सात अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया था. कार्रवाई के दौरान हथियार और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए गए थे. पुलिस ने आरोपियों पर प्रदीप सोलंकी की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया था.
विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या का भी आरोप
विनोद काणा पर हिसार के प्रॉपर्टी डीलर संजय उर्फ बिट्टू शर्मा की हत्या में शामिल होने का भी आरोप था. 24 जनवरी 2014 को पुष्पा कॉम्प्लेक्स स्थित उनके ऑफिस में गोली मारकर उनकी हत्या की गई थी. पुलिस जांच में विनोद काणा और उसके साथियों के नाम सामने आए थे.
संजय शर्मा, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल के पीए ललित शर्मा के भतीजे थे. अब कोर्ट परिसर के बाहर विनोद काणा की हत्या के बाद पुलिस पुरानी आपराधिक रंजिश और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.