KNEWS DESK – सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर श्रेया कालरा इन दिनों ‘लॉक अप सीजन 2’ की जीत को लेकर सुर्खियों में हैं. उन्होंने शो में कई चर्चित टीवी चेहरों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी अपने नाम की और 1 करोड़ रुपये की इनामी राशि जीती. हालांकि, उनकी जीत के बाद सोशल मीडिया पर एक वर्ग ने सवाल उठाते हुए उन्हें ‘डिजर्विंग विनर’ नहीं माना. अब श्रेया ने ऐसे ट्रोल्स को सीधे जवाब दिया है.
‘अगर मैं नहीं तो कौन?’
हाल ही में श्रेया कालरा ने इंस्टाग्राम पर Ask Me Anything सेशन रखा था. इसी दौरान एक फैन ने उनसे पूछा कि कुछ लोग उनकी जीत को गलत बताते हुए शो को बायस्ड कह रहे हैं, इस पर उनका क्या कहना है.
श्रेया ने जवाब देते हुए कहा कि अगर उन्हें विनर नहीं बनाया जाना चाहिए था, तो फिर कौन जीत का हकदार था? उन्होंने शो के दौरान हुए कई ट्विस्ट का जिक्र करते हुए कहा कि जब दूसरे कंटेस्टेंट्स को दोबारा गेम में आने का मौका मिला या उन्हें सीक्रेट रूम जैसे फायदे मिले, तब किसी ने शो को बायस्ड नहीं कहा.
https://www.instagram.com/reels/DcBjmudScrS/
उन्होंने सवाल किया कि जब कंटेस्टेंट्स को वापस लाया गया, उन्हें सीक्रेट रूम में रखा गया या उनसे जुड़ी सुविधाओं में बदलाव किए गए, तब शो पर पक्षपात के आरोप क्यों नहीं लगाए गए? श्रेया ने अपने जवाब के आखिर में कहा, “माइक ड्रॉप हो चुका है दोस्तों.”
शो में कई कंटेस्टेंट्स की हुई थी वापसी
‘लॉक अप 2’ में कई ऐसे ट्विस्ट देखने को मिले, जिनसे शो से बाहर हो चुके कंटेस्टेंट्स को दोबारा गेम में आने का मौका मिला. आकांक्षा चौधरी को एलिमिनेशन के बाद सीक्रेट रूम में रखा गया था और करीब एक हफ्ते बाद उनकी दोबारा शो में एंट्री हुई.
इसके अलावा योगेश रावत और हर्षद चोपड़ा भी एलिमिनेट होने के बाद दोबारा प्रतियोगिता का हिस्सा बने. दोनों को फिनाले से लगभग दो हफ्ते पहले वाइल्ड कार्ड के जरिए शो में वापस लाया गया था.
फराह खान पर भी उठे थे सवाल
श्रेया की जीत के बाद शो की होस्ट फराह खान पर भी उन्हें सपोर्ट करने को लेकर सवाल उठाए गए थे. सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने उन पर श्रेया के पक्ष में होने के आरोप लगाए.
हाल ही में फराह खान ने अपने व्लॉग में इन आरोपों पर बात की. वह श्रेया से मिलने उनके घर पहुंची थीं. इसी दौरान उन्होंने बताया कि उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं थी कि श्रेया और उनकी कंपनी का मैनेजमेंट एक ही टीम संभालती है.
फिलहाल श्रेया कालरा की जीत को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है. एक तरफ उनके फैंस इसे उनकी मेहनत का नतीजा बता रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ कुछ दर्शक शो के फैसले पर सवाल उठा रहे हैं. श्रेया के हालिया जवाब ने इस बहस को एक बार फिर तेज कर दिया है.