Knews Desk- उत्तर प्रदेश में प्रांतीय रक्षक दल यानी PRD के स्वयंसेवकों को योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। गोरखपुर में आयोजित PRD जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ड्यूटी भत्ता बढ़ाने, कैशलेस इलाज और नए बैरक समेत कई घोषणाएं कीं।
सबसे बड़ा फैसला PRD जवानों के दैनिक ड्यूटी भत्ते को लेकर हुआ। अब उन्हें 500 रुपये की जगह 600 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। इसके अलावा जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री PRD कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत प्रदेश के 31 हजार से ज्यादा PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को सरकारी तथा सरकार से सूचीबद्ध अस्पतालों में सालाना 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
सरकार के अनुसार, परिवार को भी योजना में शामिल करने से करीब 1.55 लाख लोगों को इसका फायदा पहुंचेगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुछ PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी सौंपे।
23 करोड़ रुपये से बनेगा नया बैरक
योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से लखनऊ में बनने वाले बहुमंजिला PRD बैरक का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। इस परियोजना पर करीब 23 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सरकार के मुताबिक, नए बैरक से PRD जवानों को बेहतर आवासीय और अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि PRD स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। चुनाव ड्यूटी, यातायात व्यवस्था, आपदा राहत, महाकुंभ और विभिन्न बड़े आयोजनों के दौरान भी उनकी सेवाएं ली जाती हैं।
2019 से लगातार बढ़ रहा ड्यूटी भत्ता
मुख्यमंत्री ने बताया कि PRD स्वयंसेवकों को पहले 250 रुपये प्रतिदिन का ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये किया गया। 2022 में यह 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये प्रतिदिन किया गया। अब इसमें 100 रुपये की और बढ़ोतरी करते हुए इसे 600 रुपये कर दिया गया है।
योगी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में PRD स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां और सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाएं दोनों बढ़ी हैं।
PRD का बजट 543 करोड़ रुपये पहुंचा
सम्मेलन में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. सोमेंद्र तोमर ने कहा कि PRD जवान सुरक्षा, शांति और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उनके मुताबिक, 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मोहम्मद शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल हैं।