Knews Desk- बिहार के मुजफ्फरपुर में प्रेम विवाह के महज आठ दिन बाद 19 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के गन्नीपुर ठाकुर टोला की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और युवक के इस कदम के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के पूसा रोड निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। वह अपनी मां और सौतेले पिता के साथ गन्नीपुर में किराये के मकान में रह रहा था। बताया जा रहा है कि विकास ने 9 अगस्त को मोहल्ले की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद विकास की पत्नी ने सिंदूर धो दिया और मंगलसूत्र तोड़ दिया। इसके बाद वह अपने मायके चली गई।
पत्नी के घर से जाने के कुछ समय बाद विकास ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। दरवाजा खोलकर देखा गया तो विकास फंदे से लटका मिला। पड़ोसियों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
शादी के बाद से तनाव में था युवक
पड़ोसी बुधन देवी ने पुलिस को बताया कि शादी के बाद से विकास परेशान रहता था और घर में अक्सर विवाद होता था। विकास बिजली मिस्त्री का काम करता था।
बताया गया कि उसका परिवार करीब 15 वर्षों से गन्नीपुर स्थित आईटीआई परिसर में रह रहा था। करीब दो महीने पहले प्रशासन ने परिसर में अवैध रूप से रह रहे लोगों को वहां से हटा दिया था। इसके बाद विकास ने गन्नीपुर में ही किराये का मकान ले लिया था।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थानाध्यक्ष के मुताबिक, परिजन शव को लेकर चले गए थे। शाम को शव वापस लाए जाने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अब प्रेम विवाह के बाद पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, दोनों परिवारों के तनाव और युवक के आत्मघाती कदम के पीछे की वजहों की जांच कर रही है। महज आठ दिन पहले शुरू हुई शादीशुदा जिंदगी का इस तरह अंत होने से इलाके में भी चर्चा है।