Milky Mist IPO की धमाकेदार एंट्री, 14,980 रुपये लगाने वालों को पहले दिन 4,400+ का फायदा

Knews Desk– डेयरी सेक्टर की चर्चित कंपनी Milky Mist Dairy Food ने शेयर बाजार में शानदार एंट्री की है। मंगलवार को कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 165 रुपये प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुए। यह कंपनी के 140 रुपये के IPO प्राइस से करीब 18 फीसदी ज्यादा है। लिस्टिंग के बाद शेयरों में तेजी और बढ़ गई और कारोबार के दौरान यह 181.45 रुपये के हाई लेवल तक पहुंच गया। यानी IPO में पैसा लगाने वाले निवेशकों को पहले ही दिन अच्छी कमाई का मौका मिल गया।

कंपनी के IPO को बाजार में निवेशकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था। 1,553 करोड़ रुपये का यह इश्यू 11 अगस्त से 13 अगस्त तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और कुल 56.12 गुना सब्सक्राइब हुआ। सबसे ज्यादा दिलचस्पी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स यानी QIBs की ओर से देखने को मिली। QIB कैटेगरी 155.83 गुना सब्सक्राइब हुई। वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स का हिस्सा 34.91 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 8.41 गुना सब्सक्राइब हुआ।Milky Mist Dairy Food के IPO में 1,428 करोड़ रुपये के 10.20 करोड़ नए शेयर जारी किए गए थे, जबकि 125 करोड़ रुपये के 89 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल यानी OFS के तहत रखे गए थे। कंपनी ने IPO का प्राइस 140 रुपये प्रति शेयर तय किया था। इसका लॉट साइज 107 शेयरों का था। ऐसे में एक लॉट के लिए निवेशकों को 14,980 रुपये लगाने पड़े। लिस्टिंग के बाद जब शेयर 181.45 रुपये तक पहुंचा, तो एक लॉट की वैल्यू बढ़कर करीब 19,415 रुपये हो गई। इस हिसाब से निवेशकों को एक लॉट पर लगभग 4,435 रुपये का मुनाफा हुआ।

IPO से पहले भी कंपनी को निवेशकों का मजबूत समर्थन मिला था। Milky Mist Dairy Food ने एंकर निवेशकों से करीब 465.29 करोड़ रुपये जुटाए थे। कंपनी ने 140 रुपये प्रति शेयर के ऊपरी प्राइस बैंड पर 19 निवेशकों को 3.32 करोड़ इक्विटी शेयर आवंटित किए थे। IPO के लिए JM Financial को बुक-रनिंग लीड मैनेजर और KFin Technologies को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया था।अब बात करें IPO से जुटाई गई रकम के इस्तेमाल की तो कंपनी का फोकस कारोबार के विस्तार के साथ-साथ कर्ज कम करने पर है। कंपनी करीब 496.86 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने कुछ बकाया कर्ज को चुकाने या समय से पहले भुगतान करने में करेगी। इसके अलावा 469.24 करोड़ रुपये पेरुंदुरई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी के विस्तार और आधुनिकीकरण पर खर्च किए जाएंगे।

कंपनी अपनी बाजार में मौजूदगी मजबूत करने के लिए विजी कूलर, आइसक्रीम फ्रीजर और चॉकलेट कूलर लगाने पर भी करीब 155.31 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना बना रही है। इससे कंपनी की डिस्ट्रीब्यूशन क्षमता और प्रोडक्ट्स की बाजार तक पहुंच बढ़ाने में मदद मिल सकती है।वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो Milky Mist Dairy Food ने वित्त वर्ष 2026 में भी मजबूत ग्रोथ दर्ज की। कंपनी की कुल आय 34 फीसदी बढ़कर 3,145.01 करोड़ रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2025 में 2,354.79 करोड़ रुपये थी। वहीं, टैक्स के बाद कंपनी का मुनाफा यानी PAT 176 फीसदी बढ़कर 127.01 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में यह 46.07 करोड़ रुपये था। ऐसे में शानदार IPO सब्सक्रिप्शन, मजबूत लिस्टिंग और बेहतर वित्तीय प्रदर्शन ने Milky Mist Dairy Food को शेयर बाजार में दमदार शुरुआत दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *