KNEWS DESK – स्टैंडअप कॉमेडियन समय रैना को ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ से जुड़े विवादित मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने दिव्यांग लोगों को लेकर कथित तौर पर असंवेदनशील टिप्पणी के मामले में समय रैना और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज सभी FIR को रद्द करने का आदेश दिया है।
यह मामला शो के पहले सीजन के एक एपिसोड से जुड़ा था, जिसमें दिव्यांग लोगों को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद काफी विवाद हुआ था। मामले ने तूल पकड़ा तो समय रैना समेत शो से जुड़े कई लोगों के खिलाफ अलग-अलग जगहों पर FIR दर्ज की गई थी।
समय रैना समेत इन लोगों को मिली राहत
इस मामले में समय रैना के अलावा विपुल गोयल, बलराज घई, निशांत तंवर और सोनाली ठक्कर के खिलाफ भी FIR दर्ज की गई थी। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद इन सभी को राहत मिल गई है।
कोर्ट के निर्देश के बाद समय रैना ने दिव्यांग लोगों के लिए काम करने वाले संगठनों को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। इसके अलावा उन्होंने शतरंज से जुड़ी प्रतियोगिता का आयोजन भी कराया।
कोर्ट ने प्रयासों को माना अहम
मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट के सामने समय रैना और अन्य आरोपियों की ओर से किए गए सामाजिक कार्यों का भी जिक्र किया गया। इन प्रयासों को ध्यान में रखते हुए अदालत ने सभी FIR रद्द करने का फैसला सुनाया।
फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने कहा कि जब सच्चे प्रयास किए जाते हैं, तो सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। अदालत ने यह भी कहा कि ये सभी युवा प्रतिभाशाली हैं और अगर उन्होंने सही दिशा में काम करना शुरू कर दिया है, तो परिणाम भी सकारात्मक होना चाहिए।
विवाद के बाद बंद करना पड़ा था शो
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का पहला सीजन कई विवादों में घिर गया था। शो के अलग-अलग एपिसोड में की गई टिप्पणियों को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। मामले बढ़ने के बाद समय रैना को अपना शो बंद करना पड़ा था और उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा।
हालांकि, अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले से समय रैना को इस मामले में बड़ी राहत मिल गई है।
फिर लौट चुका है ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’
विवादों के बाद अब समय रैना ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के साथ वापसी कर ली है। शो का दूसरा सीजन यूट्यूब के साथ-साथ नेटफ्लिक्स पर भी स्ट्रीम किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद समय रैना के फैंस के बीच भी खुशी देखने को मिल रही है। अब देखना होगा कि नए सीजन के साथ उनका शो आगे किस तरह का सफर तय करता है।