Knews Desk- पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा इलाके में 17 वर्षीय इकबाल शेख का मामला लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। इकबाल पिछले कुछ महीनों से लगातार एक तालाब में तैर रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वह दिन हो या रात, करीब 20 से 25 फीट गहरे तालाब में ही रहता है। उसका कहना है कि पानी से बाहर आते ही उसके शरीर में तेज दर्द होने लगता है।
लगातार पानी में रहने के कारण इकबाल के हाथ-पैरों की त्वचा सफेद पड़ गई है। उसे सर्दी-खांसी की भी शिकायत बताई जा रही है। परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि इकबाल का व्यवहार पिछले कुछ वर्षों में काफी बदल गया है। करीब पांच साल पहले उसके व्यवहार में बदलाव नजर आने लगा था, जबकि हाल के महीनों में उसने ज्यादातर समय तालाब में बिताना शुरू कर दिया।
पानी से बाहर आते ही बढ़ जाता है दर्द
स्थानीय लोगों के अनुसार, इकबाल को जब भी तालाब से बाहर लाने की कोशिश की जाती है, वह बेचैन हो जाता है और शरीर में दर्द की शिकायत करता है। आसपास के लोग उसे खाना देते हैं तो वह खाना खा लेता है, लेकिन इसके बाद दोबारा पानी में चला जाता है। समझाने और रोकने की कोशिशों का भी उस पर कोई असर नहीं होता।
इकबाल कथित तौर पर खुद को किसी आत्मा के प्रभाव में होने की बात भी कहता है। हालांकि, उसकी वास्तविक बीमारी या मानसिक स्थिति को लेकर अभी कोई स्पष्ट चिकित्सकीय जानकारी सामने नहीं आई है।
मां के सामने आर्थिक संकट
इकबाल की मां कामिरन बीबी बीड़ी बनाकर परिवार का गुजारा करती हैं। करीब एक साल पहले उनके पति हसीबुर शेख की मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उनके कंधों पर आ गई।
मां का कहना है कि इकबाल को इलाज के लिए मानसिक अस्पताल भी ले जाया गया था, लेकिन वहां से लौटने के बाद उसकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। परिवार का दावा है कि एक बार इकबाल ने उनके साथ मारपीट की और पैसे लेकर घर से चला गया।
सरकारी मदद की मांग
इकबाल की हालत को देखते हुए उसकी मां ने प्रशासन और सरकार से मदद की गुहार लगाई है। स्थानीय लोग भी उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उनका कहना है कि 20 से 25 फीट गहरे तालाब में दिन-रात रहना उसकी जान के लिए खतरनाक हो सकता है।
स्थानीय निवासियों ने विधायक भरत कुमार झाऊ और प्रशासन से अपील की है कि इकबाल को जल्द विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में इलाज उपलब्ध कराया जाए और उसकी सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं।