KNEWS DESK- संसद में जारी गतिरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर NEET परीक्षा और छात्र आंदोलन से जुड़े मुद्दे पर चर्चा कराने की पेशकश की है। अमित शाह ने कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और लोकसभा अध्यक्ष विपक्ष से बात करके चर्चा का समय तय कर सकते हैं।

गृह मंत्री ने अपने पत्र में कहा कि सरकार पहले ही विपक्ष की मांग को स्वीकार कर चुकी है। उनका कहना है कि संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक में NEET परीक्षा के मुद्दे पर चर्चा के लिए सरकार की सहमति से अवगत कराया था।
‘आज से जितना समय उचित समझें, चर्चा कराएं’
अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष से अनुरोध किया कि विपक्ष से बातचीत कर आपसी सहमति से चर्चा के लिए जितना समय और जितने घंटे उचित समझे जाएं, उतना समय निर्धारित किया जाए। उन्होंने कहा कि वह तय समय के दौरान सदन में मौजूद रहकर चर्चा में हिस्सा लेना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने विपक्ष के सभी सवालों का जवाब देने की बात कही।
गृह मंत्री ने अपने पत्र में लोकतांत्रिक संवाद पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र में चर्चा और बातचीत के जरिए ही समाधान निकलता है। उन्होंने कहा कि उनका लोकतंत्र और लोकतांत्रिक संस्थाओं में अटूट विश्वास है और संसद चर्चा एवं संवाद के लिए है।
FCRA बिल की चर्चा का भी किया जिक्र
अमित शाह ने अपने पत्र में संसद के मौजूदा सत्र में FCRA संशोधन विधेयक पर हुई चर्चा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विदेशी अंशदान से जुड़े इस विधेयक पर चर्चा के दौरान विपक्ष के किसी भी सांसद ने NEET परीक्षा के संबंध में सदन में अपनी बात नहीं रखी।
इसके बावजूद सरकार NEET के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। अमित शाह ने कहा कि सरकार के पास इस मामले में छिपाने के लिए कुछ नहीं है और वह विपक्ष के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार है।
विपक्ष तय करे- चर्चा चाहिए या हंगामा: शाह
संसद के बाहर भी अमित शाह ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चर्चा की बजाय संसद की कार्यवाही बाधित कर रहा है।
अमित शाह ने कहा कि अब विपक्ष को तय करना है कि वह इस मुद्दे पर चर्चा चाहता है या फिर सदन में हंगामा जारी रखना चाहता है। उन्होंने यह भी कहा कि संसदीय नियमों में किसी अलग बयान की मांग के बजाय विस्तृत चर्चा का प्रावधान मौजूद है।
NEET मुद्दे पर लगातार जारी है गतिरोध
NEET परीक्षा को लेकर हुए छात्र आंदोलनों और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई के आरोपों को लेकर सरकार और विपक्ष आमने-सामने हैं। विपक्ष लगातार सरकार से जवाब मांग रहा है और गृह मंत्री अमित शाह से भी प्रतिक्रिया की मांग की जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर संसद की कार्यवाही भी कई बार बाधित हुई है। विपक्ष की मांग है कि छात्र आंदोलन, परीक्षा से जुड़े सवालों और प्रदर्शनकारियों पर हुई कार्रवाई को लेकर सरकार सदन में विस्तृत जवाब दे।
अब अमित शाह के पत्र के बाद चर्चा को लेकर गेंद विपक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के पाले में है। अगर दोनों पक्षों के बीच सहमति बनती है तो NEET और छात्र आंदोलन के मुद्दे पर सदन में विस्तृत बहस हो सकती है।