मसूरी-देहरादून रोड पर पहाड़ का मलबा गिरा, 10 किमी लंबा जाम; घंटों फंसे पर्यटक

Knews Desk- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून रोड पर बड़ा हादसा हो गया। सड़क चौड़ीकरण के लिए पहाड़ की कटाई के दौरान अचानक भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिसके बाद यहां यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया। दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगने से करीब 10 किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, पानी वाले बैंड से कोठालगेट तक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। भूस्खलन के बाद कई जगहों पर सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक रोकना पड़ा। मसूरी की ओर जाने वाले पर्यटक और स्थानीय लोग घंटों जाम में फंसे रहे। दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। सड़क से मलबा हटाने और यातायात व्यवस्था को सामान्य करने का काम किया जा रहा है। हालांकि, जाम के कारण यात्रियों को काफी समय तक परेशानी झेलनी पड़ी।

पर्यटकों ने बताई परेशानी

जाम में फंसे इटावा के पर्यटक संदीप ने बताया कि वह एक घंटे से ज्यादा समय से जाम में फंसे हुए हैं। उन्होंने व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि पर्यटकों की सुविधा और आवाजाही के लिए बेहतर इंतजाम किए जाने चाहिए।

वहीं, इटावा से आए एक अन्य पर्यटक आयुष छाबड़ा ने बताया कि लैंडस्लाइड के कारण भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। उन्होंने लोगों से फिलहाल मसूरी आने से बचने की अपील की। उनका कहना था कि ऐसी परिस्थितियों में सबसे पहले लोगों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।

देहरादून से आए पर्यटक गुरमीत सिंह ने इसे प्राकृतिक घटना बताया। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाओं ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा और सड़क व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *