4 अगस्त को फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में तेज टर्बुलेंस के बाद पायलट का डोप टेस्ट कराया गया था. शुरुआती जांच के बाद अब कन्फर्मेटरी टेस्ट में भी पायलट के पॉजिटिव पाए जाने की खबर सामने आई है.
Knews Desk- फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 में टर्बुलेंस की घटना के बाद जांच में एक बड़ा अपडेट सामने आया है. सूत्रों के मुताबिक, विमान के पायलट-इन-कमांड का दोबारा कराया गया डोप टेस्ट भी पॉजिटिव आया है. इससे पहले शुरुआती स्क्रीनिंग में भी उसके सैंपल में प्रतिबंधित साइकोएक्टिव पदार्थ के संकेत मिले थे. सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में रिपोर्ट नॉन-नेगेटिव आने के बाद पायलट के सैंपल को विस्तृत जांच के लिए अधिकृत लैब भेजा गया था. अब कन्फर्मेटरी टेस्ट में मारिजुआना यानी गांजे की मौजूदगी की पुष्टि होने की बात सामने आई है.
यह घटना 4 अगस्त की है, जब एयर इंडिया की एयरबस A320 फ्लाइट फुकेत से दिल्ली आ रही थी. उड़ान के दौरान विमान अचानक तेज टर्बुलेंस में फंस गया और करीब 300 फीट नीचे चला गया.
विमान में 137 यात्री और 8 क्रू मेंबर सवार थे. दिल्ली में विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद 13 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था.
घटना के बाद दोनों पायलटों का अनिवार्य साइकोएक्टिव सब्सटेंस टेस्ट किया गया. को-पायलट की रिपोर्ट में कोई गड़बड़ी नहीं मिली, जबकि पायलट-इन-कमांड की शुरुआती जांच नॉन-नेगेटिव आई थी. इसके बाद सैंपल को पुष्टि के लिए अधिकृत लैब भेजा गया.
एयर इंडिया ने जांच पर टिप्पणी से किया इनकार
मामले पर एयर इंडिया ने कहा है कि घटना की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) कर रहा है. एयरलाइन के मुताबिक, जांच ICAO एनेक्स 13 के तहत चल रही है और जब तक जांच पूरी नहीं होती, तब तक किसी निष्कर्ष या जांच से जुड़ी जानकारी पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.
एयर इंडिया ने यह भी कहा कि वह जांच में संबंधित अधिकारियों को हर जरूरी सहयोग दे रही है. इस मामले में विमान निर्माता कंपनी एयरबस ने भी जांच अधिकारियों को तकनीकी सहायता देने की बात कही है. कंपनी के मुताबिक, वह एयरलाइन के संपर्क में है और जांच में सहयोग के लिए विशेषज्ञों की टीम भेजी जा रही है.
एयर इंडिया के CEO ने अधिकारियों से की मुलाकात
घटना के बाद एयर इंडिया के CEO कैंपबेल विल्सन ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नागरिक उड्डयन सचिव समीर कुमार सिन्हा और अन्य अधिकारियों से मुलाकात की. बैठक में फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में हुई टर्बुलेंस की घटना और उससे जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर चर्चा हुई.
बैठक में टाटा संस के एग्जीक्यूटिव एडवाइजर और पूर्व सिविल एविएशन सेक्रेटरी प्रदीप सिंह खरोला, एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन और एयरलाइन के प्लेन सेफ्टी हेड दीपक जोशी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है और पायलट के डोप टेस्ट की रिपोर्ट जांच का एक अहम हिस्सा बन गई है.