KNEWS DESK– संत कबीर नगर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा के दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में प्रदेश में बिना भेदभाव के सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश दंगों, कर्फ्यू और माफिया से मुक्त हो चुका है। अब अपराधियों में कानून का डर है और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अपराध करता है, महिलाओं के साथ छेड़खानी करता है या व्यापारियों को लूटने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
‘2017 से पहले लोग परेशान थे’
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के लोग कई तरह की समस्याओं से परेशान रहते थे। उन्होंने बाढ़, बीमारी, दंगे, कर्फ्यू, गुंडागर्दी और जमीनों पर अवैध कब्जे जैसे मुद्दों का जिक्र करते हुए पिछली सरकारों को घेरा।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उस समय गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था और राशन तक पहुंचने में भी दिक्कत होती थी। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों की नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार में सरकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
95 हजार गरीबों को मिला आवास
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि संत कबीर नगर में करीब 95 हजार गरीब परिवारों को आवास की सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे परिवार हैं, जिन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि बिना किसी सिफारिश के उन्हें अपना पक्का घर मिल सकता है।
योगी ने यह भी बताया कि करीब 3.5 लाख परिवारों के घरों में शौचालय का निर्माण कराया गया है। उन्होंने इन योजनाओं का श्रेय केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार को देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया जा रहा है।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर का दावा
युवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौकरी और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उनके मुताबिक, डबल इंजन की सरकार में युवाओं के विकास और रोजगार पर लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की ओर से लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी सवाल उठाया। योगी ने कहा कि विपक्ष को यह बताना चाहिए कि अपने शासनकाल में उसने युवाओं और गरीबों के लिए क्या किया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान बीमारी के कारण गरीब परिवारों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती थी और कई मामलों में गरीबों के बच्चों की मौत तक हो जाती थी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर किया गया है और गरीबों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
संत कबीर नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 684 करोड़ रुपये से अधिक की 201 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से जिले में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और लोगों के लिए रोजगार एवं विकास के नए अवसर तैयार होंगे।