KNEWS DESK- राहुल गांधी से उनकी शादी को लेकर लंबे समय से सवाल पूछे जाते रहे हैं। आमतौर पर वह ऐसे सवालों को नजरअंदाज करते रहे हैं, लेकिन इस बार उन्होंने इस सवाल का हल्के-फुल्के अंदाज में जवाब दिया। राहुल गांधी ने माना कि उनकी शादी को लेकर लंबे समय से सवाल किए जा रहे हैं और अब उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। हालांकि, उन्होंने इसके आगे शादी की तारीख या किसी अन्य व्यक्तिगत जानकारी का खुलासा नहीं किया।
छात्रों के आंदोलन पर क्या बोले राहुल गांधी.
इंस्टाग्राम सेशन के दौरान राहुल गांधी से झारखंड में JPSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन को लेकर भी सवाल पूछा गया। इसके जवाब में उन्होंने देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई। राहुल गांधी ने कहा कि देश का शिक्षा सिस्टम ध्वस्त हो चुका है और छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे केंद्र में किसी भी पार्टी की सरकार हो या किसी राज्य में किसी भी दल की सरकार हो, सभी सरकारों को छात्रों की चिंताओं पर ध्यान देना चाहिए और शिक्षा व्यवस्था में जरूरी बदलाव करने चाहिए।
उन्होंने अपने कोटा और देहरादून के अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि वह इलाहाबाद में भी इसी मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे। उनके मुताबिक, मौजूदा शिक्षा व्यवस्था महंगी होने के साथ-साथ कई मामलों में दमनकारी भी है। उन्होंने कहा कि छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को गंभीरता से समझने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की जरूरत है।
महिलाओं को बराबरी का अधिकार देने की बात.
राहुल गांधी से शिक्षा और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही युवा महिलाओं को लेकर भी सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं को बराबरी का, बल्कि कई मामलों में उससे भी अधिक स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की महिलाएं देश की सबसे बड़ी ताकतों में से एक हैं। राहुल गांधी ने समाज, शिक्षा व्यवस्था और कॉरपोरेट सेक्टर में महिलाओं के साथ होने वाले व्यवहार को लेकर भी अपनी चिंता जाहिर की।
उन्होंने युवा महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, बहादुर और मजबूत बने रहने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी पहचान के साथ आगे बढ़ना चाहिए और वह पूरी तरह उनके साथ हैं।
BJP के किस नेता को बताया पसंदीदा.
‘Ask Me Anything’ सेशन के दौरान राहुल गांधी से यह भी पूछा गया कि BJP के कौन से नेता उन्हें पसंद हैं। इसके जवाब में उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया।
राहुल गांधी ने कहा कि उनके कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। उन्होंने अमरिंदर सिंह की सैन्य पृष्ठभूमि और उससे जुड़ी उनकी जानकारी की भी तारीफ की।
‘क्या आप बैटमैन हैं?’
इस बातचीत में राहुल गांधी से एक मजेदार सवाल भी पूछा गया कि क्या वह बैटमैन हैं। राहुल गांधी ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि वह सिर्फ इतना कह सकते हैं कि किसी ने उन्हें और बैटमैन को कभी एक ही कमरे में साथ नहीं देखा है।
राहुल गांधी का यह इंस्टाग्राम सेशन छात्रों और Gen Z के साथ संवाद की उनकी कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। इस बातचीत से एक दिन पहले वह उन छात्रों से भी मिले थे, जिन्होंने पिछले महीने NEET पेपर लीक के आरोपों को लेकर प्रदर्शन किया था और जिन पर कथित तौर पर पुलिस कार्रवाई हुई थी। इस पूरे संवाद में राहुल गांधी ने छात्रों की समस्याओं, शिक्षा व्यवस्था और महिलाओं की भूमिका के साथ-साथ अपने निजी जीवन से जुड़े सवालों का भी जवाब दिया।