Knews Desk– भारतीय शतरंज के युवा स्टार आर. प्रज्ञानंद ने एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है. 20 साल के भारतीय ग्रैंडमास्टर ने अमेरिका के सेंट लुईस में आयोजित ग्रैंड चेस टूर 2026 के सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब अपने नाम कर लिया है. प्रज्ञानंद ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और एक राउंड बाकी रहते ही खिताब पर कब्जा जमा लिया. इस जीत के साथ उन्होंने अपने करियर में इस टूर्नामेंट का पहला खिताब हासिल किया है.
सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज में प्रज्ञानंद का प्रदर्शन शुरू से ही शानदार रहा. उन्होंने रैपिड राउंड में बढ़त हासिल की और ब्लिट्ज मुकाबलों में भी अपनी लय बरकरार रखी. टूर्नामेंट के दौरान उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी रहे, लेकिन वह पूरे मुकाबले में प्रज्ञानंद से आगे नहीं निकल सके. भारतीय खिलाड़ी ने दबाव के बीच भी शानदार खेल दिखाया और लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी.टूर्नामेंट के निर्णायक दौर में प्रज्ञानंद का सामना सिंदारोव से हुआ. यह मुकाबला काफी चुनौतीपूर्ण रहा और एंडगेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. हालांकि, प्रज्ञानंद ने धैर्य बनाए रखा और मुकाबले को ड्रॉ पर खत्म किया. इस नतीजे के साथ ही उनकी खिताबी जीत पक्की हो गई. इसके बाद अंतिम राउंड महज औपचारिकता रह गया.
टूर्नामेंट के अंत में प्रज्ञानंद ने कुल 23.5 अंक हासिल किए और पहले स्थान पर रहे. उनके बाद जावोखिर सिंदारोव 22 अंकों के साथ दूसरे और अमेरिका के वेस्ले सो 21.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे. इस तरह प्रज्ञानंद ने सिंदारोव पर 1.5 अंकों की बढ़त के साथ खिताब अपने नाम किया.इस ऐतिहासिक उपलब्धि का फायदा प्रज्ञानंद को पुरस्कार राशि के तौर पर भी मिला. सेंट लुईस रैपिड एंड ब्लिट्ज का खिताब जीतने के लिए उन्हें 50 हजार अमेरिकी डॉलर की प्राइज मनी मिली, जो भारतीय रुपये में करीब 47 लाख रुपये बैठती है. इसके अलावा उन्हें ग्रैंड चेस टूर के 13 अहम अंक भी मिले. यह जीत उनके करियर के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि उन्होंने दुनिया के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है.
इस खिताबी जीत के बाद प्रज्ञानंद ग्रैंड चेस टूर 2026 की ओवरऑल पॉइंट्स टेबल में भी दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. उनके खाते में 24.5 अंक हैं और वह 25 अंकों के साथ शीर्ष पर मौजूद फैबियानो कारुआना से महज 0.5 अंक पीछे हैं. ऐसे में सीजन के अगले मुकाबले प्रज्ञानंद के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाले हैं.अब सभी की नजरें 10 अगस्त से शुरू होने वाले सिंक्वेफील्ड कप पर हैं. यह क्लासिकल इवेंट ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स में जगह बनाने का आखिरी मौका होगा. टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले टॉप चार खिलाड़ी फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करेंगे, जहां कुल 2 लाख डॉलर की इनामी राशि दांव पर होगी. प्रज्ञानंद की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए भारतीय फैंस को उनसे एक और बड़ी उपलब्धि की उम्मीद होगी.