पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने वैभव सूर्यवंशी के भविष्य को लेकर कहा कि अभी उनके बारे में बड़ा फैसला देना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि वैभव की असली क्षमता का पता अगले 2-3 साल में चलेगा।
Knews Desk- भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। 15 साल के वैभव ने कम उम्र में ही क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बना ली है। एज ग्रुप क्रिकेट में कई रिकॉर्ड अपने नाम करने के बाद अब वह टीम इंडिया का हिस्सा हैं। टी20 इंटरनेशनल में डेब्यू करने के बाद वैभव ने अब तक ठीक प्रदर्शन किया है। हालांकि, क्या वह भविष्य में महान खिलाड़ी बन पाएंगे, इस सवाल पर कपिल देव ने फिलहाल किसी तरह की भविष्यवाणी करने से इनकार किया है।
कपिल देव ने कहा कि वैभव में प्रतिभा जरूर है, लेकिन अभी उनके करियर को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा, ‘अभी बहुत जल्दी है। क्या उनमें क्षमता है? हां। लेकिन क्रिकेट में ऐसे कई खिलाड़ी आए हैं जो बहुत प्रतिभा के साथ आए, फिर गुम हो गए।’
कपिल देव ने पूर्व भारतीय बल्लेबाज विनोद कांबली का उदाहरण देते हुए कहा कि उनके पास जबरदस्त प्रतिभा थी, लेकिन वह टैलेंट उस तरह के लंबे करियर में नहीं बदल सका, जिसकी उनसे उम्मीद की गई थी। कपिल ने कहा कि वैभव अभी सिर्फ 15 साल के हैं और उन्हें कम से कम तीन साल का समय दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘वैभव 15 साल का है। उसे तीन साल और दीजिए, फिर हम बात करेंगे।’ कपिल देव के मुताबिक, आने वाले समय में वैभव की लाइफस्टाइल और सोच में बदलाव भी उनके करियर पर असर डाल सकता है। उन्होंने कहा, ‘जब उनकी लाइफस्टाइल बदलेगी, तो उनकी सोच भी बदलेगी। तब हमें पता चलेगा कि अगले दो साल में वे कैसे दिखेंगे। ये उनके प्रदर्शन को देखने से कहीं ज्यादा अहम है।’
वैभव को अभी पूरे मौके का इंतजार
बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी फिलहाल टी20 टीम में तीसरे ओपनर के तौर पर खेल रहे हैं। संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा टीम के नियमित ओपनर हैं और जब उन्हें आराम दिया जाता है, तभी वैभव को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलता है।
हालांकि, वैभव ने अब तक मिले मौकों का फायदा उठाया है। उन्होंने 8 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 30.75 के औसत से 246 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले हैं। उनका स्ट्राइक रेट 186 से ज्यादा का है।