KNEWS DESK- लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर युवाओं से बातचीत के दौरान कई दिलचस्प सवालों के जवाब दिए। Instagram पर ‘Ask Me Anything’ सेशन के दौरान जब राहुल गांधी से पूछा गया कि BJP में उनका पसंदीदा राजनेता कौन है, तो उन्होंने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया। राहुल ने अमरिंदर सिंह के साथ अपने रिश्तों और उनके सैन्य इतिहास की जानकारी की भी तारीफ की।
राहुल गांधी ने युवाओं और छात्रों से सीधे संवाद के लिए Instagram पर सवाल मांगे थे। उन्होंने कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा सवालों के जवाब देने की कोशिश करेंगे। इसी दौरान उनसे राजनीति से लेकर शिक्षा और छात्र आंदोलनों तक कई मुद्दों पर सवाल किए गए।
कैप्टन अमरिंदर सिंह को बताया BJP में पसंदीदा नेता
एक यूजर ने राहुल गांधी से उनकी अपनी पार्टी से अलग BJP के पसंदीदा राजनेता का नाम पूछा। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को चुना। राहुल ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ उनकी अच्छी बनती है और उन्हें उनका अंदाज पसंद है। उन्होंने अमरिंदर सिंह के सैन्य इतिहास की जानकारी की भी तारीफ की। जवाब के आखिर में राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए उन्हें ‘Hello Uncle Amarinder’ भी कहा। राहुल गांधी के इस जवाब का वीडियो कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर साझा किया। इसके बाद अमरिंदर सिंह को लेकर दिया गया उनका जवाब चर्चा में आ गया। कैप्टन अमरिंदर सिंह लंबे समय तक कांग्रेस से जुड़े रहे हैं और पंजाब के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि, अब वह BJP में हैं।
कांग्रेस छोड़कर BJP में कैसे पहुंचे अमरिंदर सिंह?
कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस का रिश्ता 2021 में खत्म हो गया था। पंजाब में राजनीतिक घटनाक्रम के बीच उन्हें मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस से भी इस्तीफा दे दिया। कांग्रेस से अलग होने के बाद अमरिंदर सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस नाम से अपनी अलग राजनीतिक पार्टी बनाई। 2022 में उन्होंने अपनी पार्टी का BJP में विलय कर दिया और इसके साथ ही औपचारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
अमरिंदर सिंह कांग्रेस छोड़ने के पीछे पार्टी में अपने साथ हुए व्यवहार को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। वह बाद में कांग्रेस में वापसी की संभावनाओं को भी खारिज कर चुके हैं। ऐसे में राहुल गांधी की ओर से BJP के पसंदीदा नेता के सवाल पर अपने पुराने सहयोगी कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लेना राजनीतिक रूप से दिलचस्प माना जा रहा है।
छात्रों के सवालों का भी राहुल गांधी ने दिया जवाब
राहुल गांधी का ‘Ask Me Anything’ सेशन केवल हल्के-फुल्के राजनीतिक सवालों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने छात्रों और युवाओं से जुड़े गंभीर मुद्दों पर भी अपनी राय रखी। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर छात्रों को संदेश देते हुए कहा कि वह उनकी बात सुनना चाहते हैं। उन्होंने युवाओं से Instagram के जरिए सवाल पूछने को कहा और ज्यादा से ज्यादा सवालों का जवाब देने की बात कही।
इस दौरान उनसे झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन और देश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल किया गया। राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी राजनीतिक दल की हो, उसे छात्रों की बात सुननी चाहिए। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन पर भी राहुल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे व्यापक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ते हुए कहा कि छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से समझने की जरूरत है।
राहुल गांधी ने देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे महंगा और दबाव पैदा करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हो, कांग्रेस की सरकार हो या झारखंड की सरकार, सभी को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाने चाहिए।
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं से राहुल गांधी का यह संवाद ऐसे समय सामने आया है जब राजनीतिक दल Gen Z और युवा मतदाताओं से सीधे जुड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल बढ़ा रहे हैं। हालांकि, इस पूरे सेशन में सबसे ज्यादा चर्चा उनके उस जवाब की हो रही है, जिसमें उन्होंने BJP में अपने पसंदीदा नेता के तौर पर कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया और मुस्कुराते हुए उन्हें ‘Uncle Amarinder’ कहकर संबोधित किया।