Patna Accident News: पटना में NH-30 के पास सड़क हादसे में एक युवक की मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और एक बस समेत कई वाहनों में आग लगा दी। हालात संभालने पहुंची पुलिस और दमकल टीम को भी विरोध का सामना करना पड़ा।
Knews Desk- बिहार की राजधानी पटना में शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे के बाद जमकर हंगामा हुआ। अगमकुआं थाना क्षेत्र के जीरो माइल और NH-30 पहाड़ी के आसपास तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
घटना से नाराज लोगों का प्रदर्शन कुछ ही देर में उग्र हो गया। आक्रोशित भीड़ ने एक प्राइवेट बस को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद पुलिस के एक वाहन और कई मोटरसाइकिलों को भी निशाना बनाया गया। कई बसों और ट्रकों में तोड़फोड़ किए जाने की भी खबर है।
दमकल टीम को भी रोका
बस में आग लगने की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शन कर रहे लोगों ने दमकलकर्मियों को घटनास्थल तक पहुंचने से रोक दिया। बताया जा रहा है कि बस करीब एक घंटे तक जलती रही और भीड़ ने उसके पास किसी को जाने नहीं दिया।
स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। उपद्रव के दौरान जिला प्रशासन के वाहन समेत कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। घटना के कारण इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
भारी पुलिस बल तैनात
पटना सिटी ASP राजकिशोर सिंह ने सड़क हादसे में एक युवक की मौत और उसके बाद हुई आगजनी की पुष्टि की है। हालात को काबू में करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हिंसा व आगजनी में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।