Bankipur By Election: 30 साल बाद ढहा BJP का किला, पहली चुनावी लड़ाई में PK ने रचा इतिहास; जानें जीत की 10 बड़ी वजह

KNEWS DESK- बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। करीब तीन दशक से बीजेपी के मजबूत गढ़ के रूप में देखी जाने वाली इस सीट पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने जीत दर्ज कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। खास बात यह है कि चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर की यह पहली चुनावी लड़ाई थी।

बांकीपुर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की परंपरागत सीट रही है। उनके राज्यसभा जाने के बाद यहां उपचुनाव कराया गया। बीजेपी ने सीट बचाने के लिए पूरी ताकत झोंकी, लेकिन प्रशांत किशोर के सामने पार्टी को हार का सामना करना पड़ा। इस नतीजे को बिहार की राजनीति में जन सुराज के लिए महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। आइए 10 प्वाइंट में समझते हैं कि आखिर बांकीपुर में प्रशांत किशोर की जीत और बीजेपी की हार के पीछे कौन से प्रमुख कारण माने जा रहे हैं।

1. BJP के खिलाफ नाराजगी का दावा
बांकीपुर के नतीजे के बाद बीजेपी के खिलाफ स्थानीय स्तर पर नाराजगी को हार की एक वजह माना जा रहा है। लंबे समय से सीट पर बीजेपी का दबदबा होने के बावजूद इस बार मतदाताओं ने बदलाव के पक्ष में फैसला सुनाया।

2. अतिआत्मविश्वास पड़ा भारी
बीजेपी का बांकीपुर को अपना सुरक्षित गढ़ मानना भी उसके खिलाफ गया। पार्टी को इस सीट पर अपनी मजबूत पकड़ का भरोसा था, लेकिन प्रशांत किशोर ने चुनाव को एकतरफा नहीं रहने दिया। नतीजों के बाद पार्टी के अतिआत्मविश्वास को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

3. छात्र मुद्दों का असर
नीट पेपर लीक और उससे जुड़े छात्र आंदोलनों को भी चुनाव में एक फैक्टर माना जा रहा है। छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दे पूरे प्रचार अभियान में चर्चा में रहे। प्रशांत किशोर ने भी शिक्षा व्यवस्था को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाया।

4. UGC से जुड़े मुद्दों पर नाराजगी
यूजीसी से जुड़े हालिया विवाद और छात्रों के एक वर्ग में नाराजगी को भी चुनावी परिणाम से जोड़कर देखा जा रहा है। युवाओं की बड़ी आबादी वाली इस सीट पर छात्र और शिक्षा से जुड़े मुद्दों का असर पड़ने का दावा किया जा रहा है।

5. कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
चुनाव प्रचार के दौरान बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष और प्रशांत किशोर ने सरकार को घेरा। भरत तिवारी मामले समेत कुछ घटनाओं को लेकर भी राज्य सरकार पर सवाल उठाए गए। PK ने इन मुद्दों के जरिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर लगातार निशाना साधा।

6. PK का चेहरा बना बड़ा फैक्टर
प्रशांत किशोर की व्यक्तिगत पहचान इस चुनाव में बड़ी ताकत साबित हुई। वर्षों तक चुनावी रणनीतिकार के रूप में काम करने के बाद उन्होंने पहली बार खुद चुनावी मैदान में उतरकर मतदाताओं से सीधा समर्थन मांगा।

7. शिक्षा और रोजगार पर फोकस
प्रशांत किशोर ने अपने अभियान में शिक्षा, रोजगार और बिहार से पलायन जैसे मुद्दों पर सबसे ज्यादा जोर दिया। उन्होंने जाति और धर्म की राजनीति से अलग विकास और युवाओं से जुड़े मुद्दों को आगे रखने की कोशिश की।

8. विपक्षी वोटों का PK की ओर झुकाव
बांकीपुर में आरजेडी और कांग्रेस की अपेक्षाकृत कमजोर मौजूदगी का फायदा भी जन सुराज को मिलने की बात कही जा रही है। चुनावी विश्लेषण के मुताबिक विपक्षी मतदाताओं के एक हिस्से ने बीजेपी को हराने के लिए प्रशांत किशोर को मजबूत विकल्प के तौर पर देखा।

9. BJP के उम्मीदवार के चयन पर सवाल
बीजेपी के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा के चयन को लेकर भी सवाल उठे। प्रशांत किशोर के मुकाबले बीजेपी प्रत्याशी की राजनीतिक पहचान और प्रभाव को अपेक्षाकृत कमजोर माना गया। PK ने प्रचार के दौरान इसे भी मुद्दा बनाया और दावा किया कि केवल पार्टी के नाम पर किसी भी उम्मीदवार को चुनाव नहीं जिताया जा सकता।

10. PK की माइक्रो चुनावी रणनीति
चुनावी रणनीतिकार के रूप में लंबे अनुभव का फायदा प्रशांत किशोर को अपने चुनाव में भी मिला। बड़े कार्यक्रमों के साथ उन्होंने मोहल्ला बैठकों, स्थानीय संपर्क और सीधे मतदाता संवाद पर जोर दिया। इससे जन सुराज को बूथ और स्थानीय स्तर पर अपनी मौजूदगी मजबूत करने में मदद मिली।

बांकीपुर का नतीजा एक विधानसभा सीट की हार-जीत से आगे राजनीतिक मायने रखता है। बीजेपी के पुराने गढ़ में प्रशांत किशोर की जीत ने जन सुराज को नई राजनीतिक ताकत दी है। वहीं बीजेपी के लिए यह परिणाम उम्मीदवार चयन, स्थानीय संगठन और मतदाताओं की नाराजगी जैसे मुद्दों पर मंथन का संकेत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *