क्या शहजाद पूनावाला ने बीजेपी छोड़ दी? X प्रोफाइल में बदलाव के बाद अटकलें तेज

Knews Desk- भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे शहजाद पूनावाला को लेकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर उनकी प्रोफाइल में हुए बदलाव के बाद उनके पार्टी से इस्तीफा देने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अब तक न तो बीजेपी और न ही शहजाद पूनावाला की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है।

हाल ही में शहजाद पूनावाला ने अपने X अकाउंट की प्रोफाइल अपडेट की है। नई प्रोफाइल में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का कोई उल्लेख नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “Lifelong Follower” बताया है। प्रोफाइल में हुए इस बदलाव के बाद सोशल मीडिया पर उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि शहजाद पूनावाला ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए बीजेपी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। हालांकि, इस दावे की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। न तो पार्टी ने कोई प्रतिक्रिया दी है और न ही पूनावाला ने सार्वजनिक रूप से इस पर कोई बयान जारी किया है।

2017 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में हुए थे शामिल

शहजाद पूनावाला ने वर्ष 2017 में कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था। उस समय उन्होंने कांग्रेस के आंतरिक चुनावों और संगठनात्मक व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इसके बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थामा और बाद में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी संभाली।

पिछले कुछ समय से पूनावाला अपने X अकाउंट पर ऐसे वीडियो साझा कर रहे थे, जिनमें उन्होंने सक्रिय राजनीति से आगे बढ़ने की बात कही थी। उन्होंने अपने पुराने इंटरव्यू के वीडियो भी बिना किसी कैप्शन के पोस्ट किए, जिससे उनके भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।

जनवरी 2025 के एक वीडियो में शहजाद पूनावाला कहते नजर आए थे कि चुनाव जीतना ही राजनीति का अंतिम लक्ष्य नहीं होता। उनका कहना था कि कोई व्यक्ति सांसद बने बिना भी समाज और देश की सेवा कर सकता है। उनके अनुसार, सार्वजनिक जीवन में योगदान देने के कई रास्ते होते हैं।

राजनीति छोड़ने की कही थी बात

एक अन्य वीडियो में उन्होंने कहा था कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने का फैसला किया था। हालांकि, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, हरियाणा, बिहार और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के चुनावों तक वह राजनीतिक रूप से सक्रिय रहे। उन्होंने संकेत दिया था कि अब वह अपने जीवन के अगले चरण की ओर बढ़ना चाहते हैं।

फिलहाल शहजाद पूनावाला के बीजेपी छोड़ने की खबर केवल अटकलों और मीडिया रिपोर्ट्स तक सीमित है। जब तक पार्टी या स्वयं शहजाद पूनावाला की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं होती, तब तक उनके इस्तीफे को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष निकालना उचित नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *