‘रामायणम्’ का ट्रेलर देख प्रभावित हुए रामानंद सागर के पोते शिव सागर, दिल से की सराहना!

KNEWS DESK- रामायणम् भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक है। दो भागों में बनने वाली यह ग्लोबल फिल्म शानदार विजुअल्स, बेहतरीन कहानी और दमदार स्टारकास्ट के साथ इस महाकाव्य को पहले कभी न देखे गए भव्य अंदाज में बड़े पर्दे पर लाने वाली है। हाल ही में रिलीज हुआ फिल्म का ट्रेलर पूरे देश में जबरदस्त पसंद किया जा रहा है। हर तरफ इसकी तारीफ हो रही है। इसी बीच रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी ट्रेलर की खुलकर सराहना की है।

एक इंटरव्यू के दौरान शिव सागर ने कहा , “सच कहूं तो मुझे यह काफी पसंद आया। पहले जो प्रमोशनल एसेट आया था, उसमें मुझे लगा था कि ग्राफिक्स फिल्म के बजट के हिसाब से नहीं हैं। लेकिन ट्रेलर देखने और पूरी स्टारकास्ट को देखने के बाद मैं काफी प्रभावित हुआ हूं। मुझे लगा कि रावण के किरदार में यश शानदार लग रहे हैं। साई पल्लवी भी सीता के किरदार पर बिल्कुल फिट बैठती हैं, खासकर उनका बोलने का अंदाज और डायलॉग डिलीवरी। कुल मिलाकर फिल्म बहुत भव्य लग रही है।”

शिव ने आगे कहा , “मुझे लगता है कि यह फिल्म पूरी दुनिया के दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है। अगर यह भारतीय पौराणिक कथाओं, संस्कृति और फैंटेसी को दुनियाभर तक पहुंचाने में सफल होती है, तो यह बहुत अच्छी बात होगी और इससे पूरे भारतीय सिनेमा को फायदा मिलेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “पुष्पक विमान को जिस तरह से दिखाया गया है, वह भी काबिल-ए-तारीफ है। मुझे बाघ के रथ पर शूर्पणखा (रकुल प्रीत सिंह) की एंट्री भी काफी पसंद आई।”

दुनिया की सबसे महान कहानियों में से एक रामायण की कहानी को नए और भव्य अंदाज में बड़े पर्दे पर लाने की तैयारी निर्देशक नितेश तिवारी ने की है। रामायणम् का मकसद इस महाकाव्य की भावनाओं और भव्यता को पहले कभी न देखे गए स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाना है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम के किरदार में नजर आएंगे, जबकि साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रही हैं। वहीं यश रावण के दमदार किरदार में दिखाई देंगे। सनी देओल हनुमान की भूमिका में नजर आएंगे और रवि दुबे लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं।

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुकी DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है। यह दो भागों में बनने वाली फिल्म दुनियाभर में IMAX में रिलीज होगी। रामायणम्: पार्ट 1 दिवाली 2026 पर रिलीज होगी, जबकि रामायणम्: पार्ट 2 दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *