Knews Desk- भारतीय क्रिकेट टीम 4 अगस्त को श्रीलंका दौरे के लिए रवाना होने वाली है। इस अहम दौरे से पहले टीम इंडिया के दो प्रमुख खिलाड़ियों जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल की फिटनेस को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। दोनों खिलाड़ी तेजी से रिकवरी कर रहे हैं और उम्मीद जताई जा रही है कि टेस्ट सीरीज शुरू होने तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। वहीं, युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन भी अपनी चोट से उबर रहे हैं और जल्द अभ्यास शुरू करेंगे।
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान जसप्रीत बुमराह के घुटने में सूजन आ गई थी। यह परेशानी लॉर्ड्स में खेले गए आखिरी वनडे के दौरान हुई थी। फिलहाल वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं।
मेडिकल टीम का मानना है कि 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच तक बुमराह पूरी तरह मैच फिट हो सकते हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इस सप्ताह से धीरे-धीरे गेंदबाजी का अभ्यास शुरू करेंगे और उनके वर्कलोड को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाया जाएगा।
शुभमन गिल के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर की निगरानी
भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल लंबे समय से गर्दन की समस्या से जूझ रहे हैं। उनकी रिकवरी को बेहतर बनाने के लिए बीसीसीआई ने अपनी मेडिकल टीम के अलावा बाहरी विशेषज्ञ डॉक्टर की भी मदद ली है।
गिल को पहली बार यह परेशानी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के दौरान हुई थी। इसके बाद गर्दन की दिक्कत के कारण उन्हें आईपीएल के कुछ मुकाबले भी छोड़ने पड़े थे। बोर्ड चाहता है कि श्रीलंका दौरे से पहले उनकी फिटनेस पूरी तरह सुनिश्चित हो जाए।
भारत का श्रीलंका दौरा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में टीम प्रबंधन नहीं चाहता कि बुमराह और गिल जैसे अहम खिलाड़ी अधूरी फिटनेस के साथ मैदान में उतरें। इसी वजह से दोनों खिलाड़ियों की मेडिकल निगरानी लगातार की जा रही है।
साई सुदर्शन भी जल्द लौटेंगे
हैमस्ट्रिंग चोट से उबर रहे युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन भी अब वापसी के करीब हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह अगले सप्ताह से बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बल्लेबाजी अभ्यास शुरू करेंगे। टेस्ट टीम में नंबर-3 बल्लेबाज की भूमिका निभाने वाले सुदर्शन की वापसी भी भारतीय टीम के लिए राहत की खबर है।