KNEWS DESK- बारिश के मौसम में गरमा-गरम छोले के साथ नरम और स्टफ्ड आलू कुलचा खाने का मजा ही अलग होता है। अक्सर लोग इसे बाजार से मंगवाते हैं, क्योंकि घर पर बनाते समय कुलचा फट जाता है या स्टफिंग बाहर निकलने लगती है। लेकिन कुछ आसान टिप्स अपनाकर आप बिना तंदूर के भी बिल्कुल होटल जैसा आलू कुलचा तैयार कर सकते हैं।

आटा सही तरह से गूंथें
परफेक्ट कुलचे की शुरुआत सही आटे से होती है। आटा न ज्यादा सख्त होना चाहिए और न ही बहुत ढीला। इसमें थोड़ा दही और थोड़ा-सा तेल मिलाकर मुलायम आटा गूंथें और कम से कम 20-30 मिनट ढककर रख दें। इससे कुलचा बेलने में आसानी होगी और फटेगा भी नहीं।
स्टफिंग रखें सूखी
आलू की स्टफिंग बनाते समय इस बात का ध्यान रखें कि उसमें अतिरिक्त नमी न हो। उबले हुए आलू पूरी तरह ठंडे होने चाहिए और मसाले मिलाने के बाद मिश्रण सूखा रहे। अगर स्टफिंग गीली होगी तो बेलते समय बाहर निकल सकती है।
स्टफिंग भरने के बाद अच्छी तरह करें सील
लोई के बीच में स्टफिंग रखें और किनारों को चारों तरफ से उठाकर अच्छी तरह बंद करें। सीलिंग मजबूत होगी तो कुलचा बेलते समय खुलेगा नहीं और स्टफिंग अंदर ही रहेगी।
बेलते समय न करें ज्यादा दबाव
कुलचा बेलते समय हल्के हाथों का इस्तेमाल करें। तेज दबाव डालने से स्टफिंग बाहर निकल सकती है और कुलचा फट सकता है। जरूरत पड़े तो हल्का-सा सूखा आटा लगाकर धीरे-धीरे बेलें।
बिना तंदूर ऐसे पकाएं कुलचा
अगर घर में तंदूर नहीं है तो लोहे का तवा सबसे अच्छा विकल्प है। बेले हुए कुलचे के एक तरफ हल्का पानी लगाएं और उसी हिस्से को गर्म तवे पर चिपका दें। जब ऊपर बुलबुले दिखाई देने लगें तो तवे को उल्टा करके सीधे गैस की आंच पर घुमाएं। इससे कुलचे पर तंदूर जैसा स्वाद और हल्की चारिंग आ जाएगी। अगर लोहे का तवा उपलब्ध नहीं है तो नॉन-स्टिक पैन में भी कुलचा बनाया जा सकता है। पैन को ढककर हल्की आंच पर पकाने से कुलचा नरम और फूला हुआ बनता है।
इन बातों का भी रखें ध्यान
- आटे को आराम देने से कुलचा ज्यादा मुलायम बनता है।
- स्टफिंग भरते समय जरूरत से ज्यादा मसाला न डालें।
- कुलचा पकने के बाद उस पर मक्खन लगाएं, इससे स्वाद और भी बढ़ जाएगा।
- गर्मागर्म कुलचे को छोले, रायता या हरी चटनी के साथ परोसें।

अगर इन आसान टिप्स को अपनाया जाए तो घर पर बना आलू कुलचा भी बाजार जैसा स्वादिष्ट, मुलायम और परफेक्ट बन सकता है। सबसे खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए तंदूर की भी जरूरत नहीं पड़ेगी।