न डर, न दबाव! वैभव सूर्यवंशी के बेखौफ अंदाज ने जीता जडेजा का दिल

Knews Desk– भारतीय क्रिकेट के युवा स्टार वैभव सूर्यवंशी इन दिनों अपने शानदार प्रदर्शन को लेकर लगातार चर्चा में हैं। महज 15 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने वाले वैभव ने अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसी बीच राजस्थान रॉयल्स के एक वीडियो में वैभव सूर्यवंशी और रवींद्र जडेजा का मजेदार रैपिड फायर राउंड सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में दोनों खिलाड़ियों से कई दिलचस्प सवाल पूछे गए। सबसे खास सवाल था कि उन्हें किस गेंदबाज से डर लगता है। जब यह सवाल रवींद्र जडेजा से पूछा गया तो उन्होंने पहले आईपीएल को लेकर जोफ्रा आर्चर का नाम लिया। इसके बाद जब उनसे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे खतरनाक गेंदबाज के बारे में पूछा गया, तब भी जडेजा ने जोफ्रा आर्चर का ही नाम चुना।जोफ्रा आर्चर अपनी तेज रफ्तार और खतरनाक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं। बड़े-बड़े बल्लेबाज भी उनकी गेंदों का सामना करते समय सतर्क रहते हैं। ऐसे में जडेजा का आर्चर को सबसे चुनौतीपूर्ण गेंदबाज बताना हैरान करने वाला नहीं था।

इसके बाद यही सवाल वैभव सूर्यवंशी से पूछा गया। जब उनसे पूछा गया कि वह किस गेंदबाज से डरते हैं, तो 15 साल के इस युवा बल्लेबाज ने बेहद आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया कि उन्हें किसी गेंदबाज से डर नहीं लगता। वैभव के इस जवाब पर रवींद्र जडेजा ने तुरंत मजेदार अंदाज में कहा, “ऐसा कोई आया नहीं है मार्केट में।”जडेजा का यह बयान वैभव की आत्मविश्वास से भरी सोच को दर्शाता है। कम उम्र में ही वैभव ने जिस तरह बड़े गेंदबाजों के खिलाफ निडर होकर बल्लेबाजी की है, उसने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है।

रैपिड फायर के दौरान दोनों खिलाड़ियों से उनकी बल्लेबाजी शैली को लेकर भी सवाल किया गया। जब वैभव से पूछा गया कि उन्हें किस तरह की बल्लेबाजी पसंद है तो उन्होंने जवाब दिया- फीयरलेस। वहीं रवींद्र जडेजा ने अपने अनुभव को दिखाते हुए बल्लेबाजी के लिए मैच्योरिटी को अहम बताया।वैभव की बल्लेबाजी में उनका बेखौफ अंदाज साफ दिखाई देता है। आईपीएल में भी उन्होंने कई बार बड़े गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की है। अब इंटरनेशनल क्रिकेट में भी उन्होंने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि वह दबाव में भी बड़े शॉट खेलने की क्षमता रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *