विधवा महिला का आरोप- युवक ने खुद को ‘राहुल’ बताकर इंस्टाग्राम पर की दोस्ती, बाद में असली पहचान सामने आने पर धर्म परिवर्तन का दबाव और निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने का दावा।
Knews Desk- उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक विधवा महिला ने एक युवक पर पहचान छिपाकर धोखा देने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए न्याय की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली महिला की इंस्टाग्राम के जरिए एक युवक से पहचान हुई थी। महिला का आरोप है कि युवक ने खुद को ‘राहुल’ बताकर उसका विश्वास जीता और लंबे समय तक उससे संपर्क में रहा। बाद में उसे जानकारी मिली कि युवक की वास्तविक पहचान हापुड़ के सुल्तानपुर निवासी मोहसिन के रूप में है।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने कथित तौर पर उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। जब महिला को उसकी असली पहचान का पता चला और उसने विरोध किया, तो आरोपी ने कथित रूप से उन तस्वीरों और वीडियो के आधार पर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
पीड़िता का यह भी आरोप है कि जब उसने आरोपी के परिवार से बात की, तो उससे धर्म परिवर्तन कर इस्लाम अपनाने और अपने दोनों बच्चों को छोड़ने जैसी शर्तें रखी गईं। महिला का कहना है कि उसने इन शर्तों को मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे लगातार धमकियां मिलने लगीं।
महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी अब फोन बंद कर फरार है और उसकी निजी तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने आशंका जताई है कि आरोपी विदेश भागने की कोशिश कर सकता है।
इस मामले में महिला ने पुलिस से शिकायत दर्ज कराकर आरोपी और उसके सहयोगियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।