KNEWS DESK – रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ इस समय भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही इस मेगा बजट फिल्म को निर्माता नमित मल्होत्रा बड़े स्तर पर तैयार कर रहे हैं। फिल्म की भव्यता को देखते हुए अब इसके प्रमोशन को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के प्रचार-प्रसार पर ही सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
हाल ही में फिल्म का ट्रेलर रिलीज होने की उम्मीद थी, लेकिन मेकर्स ने इसे फिलहाल टाल दिया। ट्रेलर के पोस्टपोन होने से कई फैंस निराश भी नजर आए। इससे पहले फिल्म का अनाउंसमेंट वीडियो और ‘रामा ग्लिम्प्स’ जारी किए गए थे, जिन्हें लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ दर्शकों ने फिल्म के विजुअल्स में भारतीय संस्कृति की झलक कम होने की बात भी कही थी।
अब एक नई रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभाल रही सोनी पिक्चर्स वैश्विक स्तर पर इसके प्रचार के लिए करीब 235 करोड़ रुपये खर्च करने की तैयारी में है। वहीं, फिल्म के निर्माता भी प्रमोशन के लिए लगभग 140 करोड़ रुपये अलग से निवेश करेंगे।
अगर दोनों आंकड़ों को जोड़ें तो ‘रामायण’ के प्रमोशन पर कुल 375 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाने की संभावना है। यह रकम इतनी बड़ी है कि इतने बजट में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में कई फिल्मों का निर्माण किया जा सकता है।
करीब 4000 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट में बन रही ‘रामायण’ को भारतीय सिनेमा का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण के किरदार में दिखाई देंगे। मेकर्स का लक्ष्य इस फिल्म को सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर के दर्शकों तक बड़े पैमाने पर पहुंचाना है।
फिलहाल दर्शकों की नजरें फिल्म के ट्रेलर की नई रिलीज डेट पर टिकी हुई हैं। माना जा रहा है कि मेकर्स जल्द ही ट्रेलर लॉन्च से जुड़ी नई घोषणा कर सकते हैं। वहीं, भारी-भरकम प्रमोशनल रणनीति से साफ है कि ‘रामायण’ को वैश्विक स्तर पर भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फिल्मों में शामिल करने की पूरी तैयारी की जा रही है।